मोदी जी कहते रहे दिल्लीवालों का ‘बेटा’ भ्रष्ट है, लेकिन कोर्ट ने साफ कर दिया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार था, है और रहेगा- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के जंतर मंतर पर रैली में मोदी सरकार को तानाशाह बताते हुए कहा कि 140 करोड़ लोग मिलकर इसे उखाड़ फेंकेंगे. उन्होंने अपनी ईमानदारी पर जोर दिया और अदालत के फैसले का हवाला दिया. देश के विभिन्न क्षेत्रों में बर्बादी पर चिंता जताई और बदलाव की शुरुआत बताई. 

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : दिल्ली के जंतर मंतर पर रविवार को आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बड़ी रैली की. देश को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोग मिलकर तानाशाह सरकार को हटाएंगे. सत्ता की राजनीति करने वाले करें, हम जनता की सेवा करेंगे. बदलाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई. मोदी ने दिल्लीवासियों के 'बेटे' को भ्रष्ट बताया, लेकिन कोर्ट ने केजरीवाल की ईमानदारी प्रमाणित की. कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग आकर लोगों ने मोदी को बहुमत दिया, लेकिन अब सब तबाह है. दिल्ली, पंजाब, गुजरात, गोवा से आए कार्यकर्ताओं और लोगों ने 'पढ़ा-लिखा दमदार, केजरीवाल ईमानदार' के नारे लगाए. 

मोदी और शाह की साजिशें

केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने दिल्लीवासियों को सताने के लिए कई षड्यंत्र रचे. उन्हें चोर, भ्रष्टाचारी और शराब घोटाले का आरोपी बताया गया. मीडिया में रोज बहस होती थी, लोगों को दुख पहुंचाया. लेकिन जज ने फैसला दिया कि मोदी झूठ बोल रहे हैं, केजरीवाल पूरी तरह ईमानदार हैं. मामला फर्जी है, कोई सबूत नहीं. यह फैसला सदियों में एक बार आता है. मोदी और शाह खुद मामलों की निगरानी कर रहे थे ताकि आप नेता जेल से न छूटें. यह भाजपा के मुंह पर तमाचा है.

देश सेवा का समर्पण

केजरीवाल ने बताया कि वे भारत से गहरा प्रेम करते हैं. आईआईटी में अच्छे अंक आए, अमेरिका जा सकते थे, लेकिन देश की हालत देखकर रुक गए. अगर सभी पढ़े-लिखे विदेश चले जाएं तो देश कौन सुधारेगा. इनकम टैक्स में नौकरी की, रिश्वत कभी नहीं ली. एक सीए ने पैसे देने की कोशिश की, लेकिन मना कर दिया. विभाग में उनकी ईमानदारी की चर्चा होती थी. मुख्यमंत्री बनने के बाद भी मोदी ने जांच कराई, लेकिन एक पैसा का भ्रष्टाचार नहीं मिला. अगर कोई ठेकेदार कहे कि पैसे मांगे, तो राजनीति छोड़ दूंगा. देश से गद्दारी देखकर खून खौलता है. 

मोदी शासन में देश की दुर्दशा

केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के घोटालों से परेशान होकर 2014 में लोगों ने मोदी को बहुमत दिया. उम्मीद थी देश बदलेगा, लेकिन 12 साल में कुछ नहीं हुआ. जीवन नहीं सुधरा, सड़कें खराब, पानी नहीं, सीवर गंदे, बिजली कटती है, प्रदूषण बढ़ा. एयरलाइन, रेलवे, बैंक, स्कूल, अस्पताल सब बर्बाद. पेपर लीक हो रहे, बच्चों का भविष्य खतरे में, लेकिन मोदी परीक्षा पर चर्चा की नौटंकी करते हैं. गुजरात में सड़कों पर गड्ढे, सफर में घंटे लगते हैं. दुनिया चांद पर पहुंच गई, लेकिन यहां गड्ढे नहीं भरे. गरीब देश भी साफ-सुथरे हैं, लेकिन भारत में सफाई नहीं हुई. बीजिंग ने प्रदूषण खत्म किया, यहां सांस लेना मुश्किल. विकसित भारत छोड़ो, रहने लायक बनाओ. 

असली भ्रष्टों पर कार्रवाई की चुनौती

केजरीवाल ने मोदी से कहा, अगर भ्रष्टाचार मिटाना है तो हिम्मत दिखाओ. गुजरात में 20 हजार करोड़ की ड्रग्स पकड़ी गई, कार्रवाई करो. नकली शराब का 30 हजार करोड़ का कारोबार, बंद करो. दोस्त को हजार एकड़ जमीन एक रुपये में दी, जांच करो. पुल उद्घाटन के बाद गिर जाते हैं, एक्शन लो. पेपर लीक पर चुप्पी क्यों, क्योंकि खुद या पार्टी वाले शामिल हैं. भ्रष्ट मैं नहीं, मोदी हैं. पढ़े-लिखे लोगों को जेल डाल रहे, जैसे सोनम वांगचुक. तानाशाह जब वैज्ञानिकों से डरता है, तो अंत नजदीक है. मोदी महिलाओं, केजरीवाल से डरते हैं. गिरफ्तारी से संदेश दिया कि ईमानदारी मत करो, युवा राजनीति में मत आओ. 

दिल्ली में आप की उपलब्धियां 

केजरीवाल ने कहा कि देश में निराशा थी, लेकिन आप सरकार ने दिल्ली में स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, सड़कें सुधारीं और उम्मीद जगाई. 140 करोड़ लोगों को भरोसा दिया कि सुधार संभव है. लेकिन मोदी ने गिरफ्तारी से यह उम्मीद तोड़ी. भाजपा की दिल्ली सरकार एक साल में फेल, बस मार्शल नियमित करने का वादा झूठा. महिलाओं को 2500 रुपये नहीं दिए. 10 हजार बस मार्शल, डीटीसी कर्मी, क्लीनिक स्टाफ निकाले. महंगाई में नौकरी छीनना गलत.

सड़कें टूटीं, गंदगी, काला पानी, पावर कट. आप के समय 24 घंटे बिजली थी, अब बर्बादी. दिल्लीवासी कहते हैं केजरीवाल बेहतर था. आज चुनाव हो तो भाजपा 10 सीट न जीते. मोदी को देश चलाने की रुचि नहीं, सिर्फ सत्ता की लालसा. षड्यंत्र रचते हैं, वोटर लिस्ट छेड़ते हैं. जंतर मंतर से कांग्रेस की तरह भाजपा की उल्टी गिनती 1 मार्च 2026 से शुरू.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag