NCR को मिला नया आसमान! इस दिन से शुरू होंगीं जेवर एयरपोर्ट से उड़ानें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से कमर्शियल उड़ानें शुरू होंगी, जिससे दिल्ली-एनसीआर को नया हवाई विकल्प मिलेगा. शुरुआत इंडिगो करेगी, इसके बाद अन्य एयरलाइंस भी धीरे-धीरे अपनी सेवाएं शुरू करेंगी.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे इंतजार के बाद अब इस एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स की शुरुआत 15 जून से होने जा रही है. इसके चालू होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर के लोगों को हवाई यात्रा के लिए एक नया और आधुनिक विकल्प मिलेगा, जिससे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव भी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है.
इंडिगो करेगी सेवाओं की शुरुआत
एयरपोर्ट का संचालन संभाल रही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) ने जानकारी दी है कि देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो यहां से सबसे पहले अपनी सेवाएं शुरू करेगी. एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन के बीच हुए समझौते के तहत इंडिगो की पहली फ्लाइट यहीं से उड़ान भरेगी. शुरुआत में सीमित घरेलू रूट्स पर ही सेवाएं उपलब्ध होंगी, लेकिन यात्रियों की मांग और जरूरत को देखते हुए धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी.
रूट और टाइमिंग नहीं हुई सार्वजनिक
इंडिगो के बाद अन्य एयरलाइंस भी इस एयरपोर्ट से अपनी उड़ानें शुरू करेंगी. जानकारी के मुताबिक, इंडिगो के बाद अकासा एयर अपनी सेवाएं शुरू करेगी और फिर एयर इंडिया एक्सप्रेस भी संचालन में शामिल होगी. हालांकि, अभी तक फ्लाइट्स के रूट, टाइमिंग और अन्य सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, जिसे जल्द जारी किए जाने की संभावना है.
एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, सभी जरूरी तकनीकी तैयारियां और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम लगभग पूरे कर लिए गए हैं. इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके. गौरतलब है कि इस अत्याधुनिक एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था. इसके अलावा, एयरपोर्ट को सुरक्षा से संबंधित जरूरी मंजूरी भी मिल चुकी है. इस एयरपोर्ट में आधुनिक टर्मिनल, बेहतर ऑपरेशनल सिस्टम और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा और आराम मिल सकेगा.


