'भारत ने पाकिस्तान में निर्दोषों को मारा' लिखना पड़ा भारी, व्हॉट्सएप स्टेटस लगाने वाली लड़की सीधी पहुंची जेल!

वॉट्सऐप स्टेटस में भारत को बदनाम करने की कोशिश करने वाली एक युवती को पुलिस ने फौरन गिरफ्तार कर लिया. पोस्ट वायरल हुआ, विरोध भड़का और कार्रवाई इतनी तेज़ हुई कि सब हैरान रह गए. क्या था स्टेटस में, क्या बोले संगठन और क्यों भेजा गया जेल?

Aprajita
Edited By: Aprajita

Controversial Story: आजकल सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने से पहले सोच लेना बहुत जरूरी है, क्योंकि एक गलती आपको सीधे जेल पहुंचा सकती है. कुछ ऐसा ही हुआ उत्तर प्रदेश के विजयनगर कॉलोनी की रहने वाली बुशरा कुरैशी के साथ, जिसने अपने व्हॉट्सएप स्टेटस पर एक ऐसा मैसेज डाल दिया, जिससे बवाल मच गया.

क्या लिखा था स्टेटस में?

इज़राइल और हमास के बीच चल रहे युद्ध को लेकर बुशरा ने स्टेटस में लिखा कि जैसे इज़राइल ने धार्मिक स्थलों पर हमला करके निर्दोष लोगों को मारा, वैसे ही भारत ने भी पाकिस्तान में निर्दोष लोगों को मारा है. यानी उसने भारत की तुलना उस देश से कर दी, जिस पर पूरी दुनिया सवाल उठा रही है. इस स्टेटस को कई लोगों ने देखा, और ये देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

हिंदू संगठनों ने जताया विरोध, पुलिस हरकत में आई

जैसे ही ये बात हिंदू संगठनों को पता चली, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठन तुरंत शहर कोतवाली पहुंचे. वहां जिला प्रसार धर्म प्रमुख राजेश चौहान ने युवती के व्हाट्सएप नंबर समेत तहरीर दी और देशविरोधी बयान पर सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने भी इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल FIR दर्ज कर ली.

पुलिस ने दी दबिश, युवती गिरफ्तार, सीधे जेल

शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार अपनी टीम और भारी फोर्स के साथ बुशरा के घर पहुंचे. युवती घर पर ही मिली, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया. थाने लाकर जब पूछताछ की गई, तो बुशरा ने बताया कि उसने ये बात कुछ विदेशी सोशल मीडिया पोस्ट्स देखकर लिखी थी. लेकिन पुलिस ने इसे देशविरोधी मानसिकता माना और उसे सीधा जेल भेज दिया.

देश के माहौल में आग लगाने की कोशिश?

ये मामला ऐसे समय पर सामने आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच माहौल पहले ही तनावपूर्ण है. और खास बात ये है कि हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समुदाय इस समय एक सुर में पाकिस्तान के खिलाफ खड़े हैं. ऐसे में इस तरह की बात करना ना सिर्फ भावनाएं भड़काने जैसा है बल्कि देश की एकता और सुरक्षा के लिए खतरा भी बन सकता है.

इससे पहले भी इसी तरह के मामले सामने आ चुके हैं

इससे चार दिन पहले जलेसर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जिसमें सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट डालने पर कड़ी कार्रवाई हुई थी.

क्या कोई और भी जुड़ा है इस मामले से? जांच जारी...

पुलिस का कहना है कि बुशरा के साथ और कौन लोग इस सोच या नेटवर्क से जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है. देश विरोधी बातें अब माफ नहीं होंगी – सोशल मीडिया कोई मज़ाक नहीं है, ये बात एक बार फिर इस घटना से साफ हो गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो