TMC ने 291 उम्मीदवारों की लिस्ट की जारी, ममता बनर्जी भवानीपुर से सुवेंदु के खिलाफ लड़ेंगी चुनाव

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने आज 17 मार्च को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. बंगाल विधानसभा की 294 सीट में से TMC 291 पर चुनाव लड़ेगी.

Sonee Srivastav

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने 291 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी बंगाल की 294 सीटों में से 291 पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. बाकी 3 सीटें दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र में अनित थापा की बीजीपीएम पार्टी को दी गई है.

ममता बनर्जी का नंदीग्राम से भवानीपुर शिफ्ट

इस बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ेंगी. उन्होंने भवानीपुर सीट से अपना नामांकन तय किया है. दिलचस्प बात यह है कि भाजपा ने भी भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर सुवेंदु अधिकारी को टिकट दिया है. ऐसे में ममता और सुवेंदु भवानीपुर में आमने-सामने होंगे.

ममता ने संबोधन में दिखाया आत्मविश्वास

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस 226 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता टीएमसी के साथ है और विकास के मुद्दे पर पार्टी को भारी बहुमत मिलेगा.

चुनाव आयोग पर जोरदार हमला

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आयोग भाजपा की तरफदारी कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के इशारे पर अधिकारियों के तबादले कर रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा, “ईद से ठीक पहले वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला क्यों किया जा रहा है? क्या चुनाव से पहले दंगे भड़काने की साजिश है?” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई अप्रिय घटना हुई तो इसके लिए चुनाव आयोग और भाजपा जिम्मेदार होंगे.

 पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होगा मतदान

चुनाव आयोग ने 15 मार्च को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी. इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान होगा. पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा. वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी.

टीएमसी की इस लिस्ट से साफ है कि ममता बनर्जी इस बार भवानीपुर पर पूरा फोकस कर रही हैं. सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ उनकी प्रत्यक्ष लड़ाई बंगाल की सियासत में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो