ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का ऑडियो हुआ लीक, अमेरिका-इजरायल अटैक को लेकर हुआ बड़ा खुलासा
अमेरिका ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच ईरान के नये सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का एक ऑडियो लीक हो गया है. इस ऑडियो के जरिए अमेरिका-इजरायल अटैक को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है.

नई दिल्ली: ईरान में सनसनी फैलाने वाली एक लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग ने पूरे देश और दुनिया में हलचल मचा दी है. इस ऑडियो में ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में बाल-बाल बचने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. यह ऑडियो लीक होने के बाद सभी देशों में चर्चा शुरू हो गई है.
पिता की मौत, बेटा बाल-बाल बचा
28 फरवरी 2026 को इजरायल के ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत किए गए मिसाइल हमले में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई, लेकिन उनका बेटा मोजतबा खामेनेई ठीक उसी समय इमारत से बाहर निकल गया था, जिससे उसकी जान बच गई.
ब्रिटिश अखबार ‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह ऑडियो 12 मार्च को वरिष्ठ ईरानी धर्मगुरुओं और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) कमांडरों की एक गुप्त बैठक से लीक हुआ है.
लीक ऑडियो में क्या कहा गया?
बैठक में दिवंगत नेता के कार्यालय के प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहेर हुसैनी ने बताया कि मोजतबा अपने पिता के साथ इमारत के अंदर थे. मिसाइल हमला होने से कुछ ही सेकंड पहले उन्हें किसी काम से आंगन में जाना पड़ा. वे बाहर निकले ही थे कि इमारत पर तीन इजरायली ब्लू स्पैरो बैलिस्टिक मिसाइलें दाग दी गई.
एक मिसाइल मुख्य निवास पर, दूसरी मोजतबा के ऊपरी मंजिल के आवास पर और तीसरी उनके बहनोई मिस्बाह अल-हुदा बाघेरी कानी के घर पर गिरी. हमले में कई वरिष्ठ अधिकारी और परिवार के सदस्य मारे गए.
भयानक हमले की डिटेल्स
ऑडियो में दावा किया गया कि ईरानी सैन्य प्रमुख मोहम्मद शिराजी का शरीर टुकड़ों में बंट गया. उनके बहनोई बाघेरी कानी का सिर दो हिस्सों में कट गया. मोजतबा खामेनेई के पैर में चोट लगी, जबकि उनकी पत्नी हद्दाद की मौके पर ही मौत हो गई. दिवंगत नेता के दूसरे बेटे मुस्तफा खामेनेई और उनकी पत्नी भी बाल-बाल बच गए.
मोजतबा की सेहत पर बढ़ी अटकलें
ऑडियो लीक होने के बाद मोजतबा खामेनेई की सेहत और ठिकाने को लेकर अटकलें तेज हो गई है. हमले के बाद से वे एक भी बार सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरानी नेता की स्थिति को लेकर बड़ी अनिश्चितता है.
ट्रंप ने कहा, “कई लोग कह रहे हैं कि उनका चेहरा बुरी तरह विकृत हो गया है, एक पैर खो दिया है और वे गंभीर रूप से घायल हैं. कुछ तो उनकी मौत की भी खबरें फैला रहे है. हमने उन्हें बिल्कुल नहीं देखा है.”


