सलमान खान के पिता सलिम खान को 1 महीने बाद अस्पताल से मिली छुट्टी, जानिए कैसी है अभी उनकी तबियत

सलमान खान के पिता सलिम खान कोअस्पताल से डिस्चार्ज मिल गया है. लगभग एक महीने चले इलाज के बाद आज उन्हें घर लौटने की अनुमति दे दी गई है.

Sonee Srivastav

मुंबई: सुपरस्टार सलमान खान के पिता और मशहूर पटकथा लेखक सलिम खान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. लगभग एक महीने के इलाज के बाद उन्हें घर लौटने की अनुमति दे दी गई है. इस खबर से उनके परिवार, दोस्तों और देशभर के लाखों प्रशंसकों को बड़ी राहत मिली है.

एक महीने बाद घर पहुंचे सलिम खान

सलिम खान को 17 फरवरी 2026 को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. ठीक एक महीने बाद 17 मार्च 2026 (मंगलवार) को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया. उन्हें शुरुआती दिनों में ICU में रखा गया था, जहां वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी हालत धीरे-धीरे सुधर रही थी. 

डॉक्टरों ने जब उनकी रिकवरी से संतुष्टि जताई, तब उन्हें घर जाने की इजाजत दी गई. बता दें, सलिम खान का इलाज डॉ. जलिल पारकर के नेतृत्व में चल रहा था. परिवार के अनुरोध पर अस्पताल ने बाद में स्वास्थ्य संबंधी अपडेट देना बंद कर दिया था. 

परिवार और फिल्म इंडस्ट्री का साथ

इस दौरान सलमान खान, अरबाज खान और परिवार के बाकी सदस्य नियमित रूप से अस्पताल जाते रहे. फिल्म जगत से भी कई हस्तियों ने सलिम खान की सेहत जानने के लिए अस्पताल का रुख किया. अरबाज खान ने हाल ही में बताया था कि उनके पिता अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनकी हालत लगातार सुधर रही है. 

सलिम खान के पुराने दोस्त जावेद अख्तर ने कहा कि सलिम अब बैठने-बोलने लगे हैं और रिकवरी अच्छी चल रही है. आमिर खान भी अस्पताल जा चुके थे और उन्होंने परिवार की उम्मीद और सकारात्मक रवैये की बात कही थी.

सलिम खान को क्या हुआ था?

फरवरी में सलिम खान को माइनर ब्रेन हेमरेज (मस्तिष्क में हल्का रक्तस्राव) होने के बाद अस्पताल ले जाया गया था. उनकी उम्र 90 साल के आसपास होने के कारण डॉक्टरों ने सतर्क रहते हुए उन्हें ICU में रखा. समय पर मिले इलाज से स्थिति को कंट्रोल किया गया और धीरे-धीरे स्वास्थ्य में सुधार आने लगा.

अब घर पर रिकवरी

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सलिम खान अब घर पर आराम करेंगे. परिवार की देखरेख में उनकी पूरी रिकवरी होने की उम्मीद है. सलिम खान भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित पटकथा लेखकों में से एक हैं. उन्होंने शोले, दीवार, डॉन, जंजीर जैसी अमर फिल्मों के लिए यादगार कहानियां और संवाद लिखे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो