बेटी की शादी से पहले खुद को मारी गोली...फिर हार्ट अटैक से हुई मौत, तुषार घेलानी के परिवार में पसरा मातम
प्रसिद्ध रियल एस्टेट कारोबारी तुषार घेलानी ने खुद को गोली मार ली. यह कदम उन्होंने अपनी बेटी की शादी के कुछ दिन पहले उठाया, हालांकि उनकी मौत बेटी की शादी वाले दिन हुई.

सूरत: सूरत शहर में एक दुखद घटना ने सबको हैरान कर दिया है. प्रसिद्ध रियल एस्टेट कारोबारी तुषार घेलानी ने बेटी की शादी से ठीक कुछ दिन पहले खुद को गोली मार ली. कई दिनों तक अस्पताल में इलाज के बाद शादी वाले दिन ही दिल का दौरा पड़ने से 58 वर्षीय कारोबारी की मौत हो गई. यह घटना परिवार और बिल्डर समुदाय के लिए बहुत बड़ा सदमा है.
कैसे हुई घटना?
1 फरवरी को तुषार घेलानी ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली. उस समय उनके घर में बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी. गोली की आवाज सुनकर परिवार वाले दौड़े और उन्हें गंभीर हालत में पाया. उन्हें तुरंत महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया. गोली सिर में लगी थी, जिससे उनकी हालत बहुत नाजुक हो गई. कुछ दिनों तक वे जीवन-मरण की स्थिति में रहे. डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया.
परिवार ने अंग दान करने का लिया फैसला
परिवार ने बहुत ही अच्छा कदम उठाया. उन्होंने तुषार घेलानी के अंग दान करने का फैसला किया. डोनेट लाइफ संस्था की टीम अस्पताल पहुंची और अंगदान की प्रक्रिया शुरू की. लिवर, हाथ और आंखें दान करने की तैयारी थी.
शादी के दिन मौत
5 फरवरी को, जब बेटी की शादी होनी थी, उनकी हालत अचानक बिगड़ गई. दिल का दौरा पड़ गया और अस्पताल में उनकी मौत हो गई. दिल का दौरा पड़ने से अंगदान की पूरी प्रक्रिया नहीं हो सकी. केवल उनकी आंखें ही सफलतापूर्वक दान की जा सकीं.
कौन थे तुषार गेलानी?
तुषार घेलानी सूरत के रियल एस्टेट क्षेत्र में बहुत प्रसिद्ध थे. वे 'जॉली ग्रुप' के मालिक थे और कई बड़ी आवासीय व व्यावसायिक परियोजनाएं बना चुके थे. उनके अचानक जाने से बिल्डरों और दोस्तों में शोक की लहर है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वे परिवार और करीबियों से पूछताछ कर रहे हैं. अभी तक आत्महत्या के पीछे का सटीक कारण पता नहीं चला है. ऐसी घटनाएं मानसिक तनाव की गहराई दिखाती हैं. अगर कोई परेशान है तो मदद लें. हेल्पलाइन नंबर: वांड्रेवाला फाउंडेशन - 9999666555 या टिस्स आईकॉल - 022-25521111.


