डोनाल्ड ट्रंप लगातार कर रहे हैं भारतीयों को टारगेट! 89 इंडियन को बताया खूंखार अपराधी

ट्रंप प्रशासन ने एक नई लिस्ट जारी की है, जिसमें 89 भारतीयों के नाम अपराधियों के साथ डाला गया है. इस लिस्ट में गंभीर अपराध करने वाले लोगों को 'Worst of the Worst' कहा गया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिका में अवैध प्रवासियों पर सख्ती बरतते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने एक नई लिस्ट जारी की है. इसमें गंभीर अपराध करने वाले लोगों को 'Worst of the Worst' कहा गया है. अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) की इस सूची में 89 भारतीय मूल के लोगों के नाम शामिल हैं. यह ट्रंप की इमिग्रेशन नीति का हिस्सा है, जो अवैध प्रवासियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है.

यह लिस्ट एक सार्वजनिक डेटाबेस है, जिसमें करीब 25,000 ऐसे अपराधी प्रवासियों का विवरण है, जो हत्या, यौन अपराध या ड्रग्स की तस्करी जैसे संगीन जुर्म में दोषी हैं. इन्हें ICE और CBP ने गिरफ्तार किया है.

लिस्ट में क्या-क्या है शामिल?

DHS ने इस सूची को 'Worst of the Worst' नाम दिया है. इसमें अपराधियों के नाम, फोटो, किए गए अपराध और उनकी नागरिकता की जानकारी दी गई है. विभाग का कहना है कि यह वेबसाइट इसलिए बनाई गई है ताकि अमेरिकी लोग देख सकें कि कौन-कौन से खतरनाक अपराधी उनके आसपास थे और अब उन्हें हटाया जा रहा है. 

उदाहरण के लिए, अमनदीप मुल्तानी और हरजिंदर सिंह जैसे भारतीय मूल के लोग इस लिस्ट में हैं, जिन पर ड्रग तस्करी के आरोप हैं. DHS ने साफ कहा है कि यह सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा है, असल में ट्रंप प्रशासन के दौरान पकड़े गए अपराधियों की संख्या इससे ज्यादा है. 

वेबसाइट पर पूरी जानकारी

यह सारी जानकारी WOW.DHS.GOV नाम की वेबसाइट पर उपलब्ध है. विभाग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बताया कि यह पारदर्शिता बढ़ाने के लिए है. इसमें लिखा है कि ये अपराधी अमेरिकी समुदायों को डराते थे और अब उन्हें देश से बाहर किया जा रहा है. 

ट्रंप प्रशासन का कहना है कि वे तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक हर ऐसे व्यक्ति को निकाला न जाए. हाल ही में 5,000 और नाम जोड़े गए हैं, जिसमें बच्चे से यौन अपराध, हत्या और मानव तस्करी जैसे जुर्म शामिल हैं.

ट्रंप की सख्त इमिग्रेशन नीति

ट्रंप ने चुनाव के समय से ही अवैध प्रवास पर कड़ा रुख अपनाया है. उनके दूसरे कार्यकाल के पहले दिन ही दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया गया और ज्यादा सैनिक तैनात किए गए. सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम के नेतृत्व में DHS ने 6,70,000 से ज्यादा अवैध प्रवासियों को हटाया है, जिसमें हत्यारे, गैंग मेंबर और आतंकवादी शामिल हैं.

कार्रवाई पर उठते सवाल

इस नीति पर अमेरिका में विवाद बढ़ रहा है. कई राज्यों में छापेमारी के दौरान हिंसा की घटनाएं हुई हैं. डेमोक्रेट सांसद DHS की फंडिंग रोकने और ICE, CBP में बदलाव की मांग कर रहे हैं. वे चाहते हैं कि एजेंट बॉडी कैमरा पहनें, अपनी आईडी दिखाएं और मास्क न लगाएं, लेकिन ट्रंप सरकार इन मांगों को ठुकरा रही है.

भारतीयों के लिए चिंता की बात

इस लिस्ट में 89 भारतीयों का नाम आना भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए झटका है. हालांकि ये सभी गंभीर अपराधी हैं, लेकिन इससे इमिग्रेशन पॉलिसी, प्रवासियों की इमेज और मानवाधिकार पर बहस छिड़ गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag