फरहान अहमद के कैच लेने के बावजूद विहान मल्होत्रा को थर्ड अंपायर ने नहीं दिया आउट, क्या कहता है ICC का नियम?

भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर19 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है. विहान मल्होत्रा की बल्लेबाजी के दौरान एक ऐसा पल देखने को मिला, जो अब सोशल मीडिया पर विवाद बनता जा रहा है.

Sonee Srivastav

IND vs ENG U19 Final 2026: भारत बनाम इंग्लैंड फाइनल मैच में एक विवादित पल देखने को मिला. भारतीय पारी के दौरान बल्लेबाज विहान मल्होत्रा आउट होने से बच गए, जिससे इंग्लैंड के खिलाड़ी और फैंस नाराज हो गए. दरअसल यह घटना 29वें ओवर में हुई, जब भारत मजबूत स्थिति में था. आइए जानते हैं पूरा मामला.

विहान के गेंद पर मचा बवाल 

इंग्लैंड के स्पिनर फरहान अहमद ने गेंद फेंकी. विहान मल्होत्रा ने उसे सीधे बल्लेबाज की ओर मार दिया. फरहान ने आगे बढ़कर डाइव लगाई और दोनों हाथों से कैच पकड़ लिया. वे गिर पड़े और जैसे ही उठे, गेंद को जमीन पर दबा दिया. मैदान पर अंपायर ने आउट दिया, लेकिन भारत ने समझदारी दिखाते हुए रिव्यू लिया.

तीसरे अंपायर ने रीप्ले देखे और लंबी जांच के बाद विहान को नॉट आउट घोषित कर दिया. उस समय विहान सिर्फ 8 रन पर थे. बाद में उन्होंने 36 गेंदों में 30 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया. 

सोशल मीडिया पर बवाल

इस फैसले से इंग्लैंड के फैंस गुस्से में आ गए. कई ने सोशल मीडिया पर लिखा कि फरहान ने कैच पूरा कर लिया था और गेंद जमीन पर दबाने से पहले नियंत्रण था. कुछ ने अंपायर की समीक्षा पर सवाल उठाए. वेस्टइंडीज के एक कमेंटेटर ने फैसले का बचाव किया और कहा कि रीप्ले से साफ दिखा कि कैच पूरा नहीं हुआ. 

क्या कहते हैं आईसीसी के नियम?

आईसीसी के कानून 33.3 के मुताबिक, कैच तभी पूरा माना जाता है जब फील्डर को गेंद पर पूरा नियंत्रण हो और उसके शरीर पर भी पूरा कंट्रोल हो. कैच की प्रक्रिया तब शुरू होती है जब गेंद फील्डर को छूती है और तब खत्म होती है जब फील्डर गेंद और खुद दोनों पर पूरी तरह काबू पा लेता है.

डाइव लगाने या गिरने की स्थिति में अगर फील्डर का शरीर पूरी तरह नियंत्रित नहीं है, तो कैच मान्य नहीं होता. फरहान ने डाइव लगाई, गिरे और उठते वक्त गेंद जमीन पर दबाई, जिससे शरीर पर पूरा नियंत्रण नहीं माना गया. अगर फरहान कैच पकड़ने के बाद गेंद फेंक देते या जमीन पर नहीं दबाते, तो शायद फैसला अलग होता. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag