T20 World Cup 2026: भारतीय टीम को बड़ा झटका, चोट के कारण हर्षित राणा वर्ल्ड कप से हुए बाहर, जानें कैसे हुए चोटिल

वर्ल्ड कप शुरू होने से एक दिन पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. भारतीय गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल होने के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं.

Sonee Srivastav

T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, उनके दाहिने घुटने में जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या है, जिसके चलते वे अब मैच नहीं खेल पाएंगे.

वार्म-अप मैच में लगी चोट

यह चोट 4 फरवरी को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान लगी. हर्षित ने सिर्फ एक ओवर फेंका, जिसमें 16 रन बने. गेंदबाजी करते समय वे दो बार रन-अप से पीछे हटे और फिर घुटने को पकड़कर मैदान छोड़ दिया. अगले दिन जांच में घुटने में सूजन, गति में कमी और पार्श्व जोड़ में दर्द पाया गया. स्कैन से पार्श्व मेनिस्कस में चोट की पुष्टि हुई. डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी, जिसके बाद वे विश्व कप से बाहर हो गए.

कप्तान सूर्यकुमार यादव का बयान

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था, “हर्षित की हालत अच्छी नहीं लग रही है. आज पता चल जाएगा.” उन्होंने आगे कहा कि अगर हर्षित नहीं खेल पाते तो यह टीम के लिए बड़ा झटका होगा, लेकिन बेंच में अच्छे विकल्प हैं. प्रतिस्थापन पर उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं कि नया खिलाड़ी ऑलराउंडर ही हो. हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी तक इसपर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

सुंदर से लेकर तिलक वर्मा की फिटनेस पर नजर 

हर्षित राणा टीम में गति और गहराई लाते थे. उनकी गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाजी आक्रमण पर असर पड़ सकता है. टीम पहले से ही वाशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर चिंतित है, जो साइड स्ट्रेन के कारण न्यूजीलैंड सीरीज मिस कर चुके हैं. हालांकि, सुंदर अभी टीम का हिस्सा हैं और वापसी की उम्मीद है. वहीं तिलक वर्मा पहले चोटिल थे लेकिन अब फिट होकर अभ्यास मैच खेल चुके हैं. 

भारत का पहला टी20 मैच 

भारत अपना पहला मैच शनिवार 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा. टीम प्रबंधन अब अन्य गेंदबाजों पर भरोसा करेगा और जल्द प्रतिस्थापन पर फैसला ले सकता है. शाम 7 बजे यह मुकाबला शुरू होगा. जबकि शाम 6:30 बजे टॉस होने की संभावना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag