खुदा-रा, चोरी न करें...पाकिस्तान में चोरी होने लगे गटर के ढक्कन, सरकार ने सजा और जुर्माने का किया ऐलान
पाकिस्तान में आर्थिक संकट के कारण लोग मैनहोल कवर चुरा रहे हैं, जो कबाड़ में बेचे जाते हैं. पंजाब सरकार ने नया कानून प्रस्तावित किया है. जिसमें चोरी, बिक्री या खरीद पर 1-10 साल जेल, मौत होने पर 10 साल जेल व 50 लाख जुर्माना.

नई दिल्लीः पाकिस्तान में एक अजीबोगरीब चोरी की लहर ने सबको हैरान कर दिया है. लोग मैनहोल (गटर) के ढक्कन चुरा रहे हैं. ये ढक्कन लोहे के बने होते हैं, जिन्हें कबाड़ में बेचकर तुरंत पैसे कमाए जा सकते हैं. कई लोग इसे देश के गंभीर आर्थिक संकट से जोड़ रहे हैं, जहां महंगाई और बेरोजगारी ने लोगों को ऐसे कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है. पंजाब प्रांत में ये घटनाएं सबसे ज्यादा बढ़ी हैं, जहां दिन में लगाए गए ढक्कन रातोंरात गायब हो जाते हैं. इससे सड़कें खतरनाक हो गई हैं और कई हादसे हो चुके हैं.
मरियम नवाज का सख्त ऐलान
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ ने इस समस्या पर कड़ा रुख अपनाया है. एक वायरल वीडियो में उन्होंने कहा, “हम दिन में गटर के ढक्कन लगाते हैं, रात तक गायब हो जाते हैं. अब पंजाब में नया कानून ला रहे हैं—जो मैनहोल कवर चुराएगा, बेचेगा या खरीदेगा, उसे 1 से 10 साल तक की जेल होगी.” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसे खुले गड्ढे में गिरने से किसी की मौत हो जाती है, तो अपराधी को 10 साल की सजा के साथ 30 से 50 लाख पाकिस्तानी रुपये तक का जुर्माना भी भरना पड़ेगा.
मरियम नवाज ने कहा कि खुदा-रा, चोरी न करें. ये ढक्कन चुराने से लोगों की जान जा रही है. सरकार का प्लान है कि पूरे प्रांत में एक जैसे स्टैंप वाले मैनहोल कवर लगाए जाएं, ताकि इन्हें कबाड़ में बेचना मुश्किल हो जाए. यह 'गटर लॉ' या 'धक्कन चोरी कानून' के नाम से चर्चित हो रहा है.
Pakistan, already reeling under a severe economic crisis, is now seeing people steal manhole covers just to earn scrap money — a clear sign of a full-blown crisis.
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) February 6, 2026
Alarmed by rising thefts, Punjab govt introduces a new law: stealing, selling or buying manhole covers means 1–10… pic.twitter.com/SLAKgyvQMb
सोशल मीडिया पर मजाक
यह खबर इंटरनेट पर तेजी से फैली और लोगों ने तंज कसे. एक यूजर ने लिखा, “जब नाली के ढक्कन राष्ट्रीय धरोहर बन जाएं, तो समझ लो अर्थव्यवस्था पटरी पर है.” दूसरे ने कहा, “अर्थव्यवस्था इतनी चरमरा गई कि सड़कें भी गायब होने लगीं. जेल में तो मुफ्त खाना मिलेगा, चोरी करने वालों के लिए बुरा सौदा नहीं.” कईयों ने व्यंग्य किया कि गरीबों के लिए जेल अब बेहतर विकल्प लग रही है.
हादसों से बढ़ी चिंता
ये चोरियां सिर्फ मजाक नहीं, बल्कि जानलेवा साबित हो रही हैं. जनवरी 2026 में लाहौर के भट्टी गेट के पास एक खुले मैनहोल में गिरने से एक मां और उसकी 9-10 महीने की बेटी की मौत हो गई. इससे पहले कराची में भी ऐसे हादसे हुए. लाहौर हाई कोर्ट में याचिकाएं दायर हुईं, जहां पीड़ित परिवारों ने 25 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ लाहौर में हर साल करीब 10,000 मैनहोल कवर चोरी या क्षतिग्रस्त हो जाते हैं. नशेड़ी और कबाड़ी इन्हें लोहे के लिए निशाना बनाते हैं.
यह स्थिति पाकिस्तान के आर्थिक संकट को दर्शाती है, जहां लोग जीविका के लिए ऐसे जोखिम भरे कदम उठा रहे हैं. सरकार ने सजा बढ़ाकर रोकने की कोशिश की है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि असली समाधान आर्थिक सुधार और रोजगार पैदा करना है. फिलहाल, पंजाब में खुले गड्ढों का खतरा बना हुआ है और लोग सतर्क होकर चलने को मजबूर हैं.


