10 रुपये मांगने पर की हत्या! करनाल में युवक ने सब्जी वाले के सिर पर मारी ईंट, इलाज के दौरान मौत

करनाल की एक सब्जी मंडी में 10 रुपए के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. 10 रुपए मांगने पर दो युवकों ने 44 वर्षीय सब्जी बेचने वाले संजय सैनी की बेरहमी से पिटाई कर दी. जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

Shraddha Mishra

हरियाणा: करनाल की एक व्यस्त सब्जी मंडी में मंगलवार रात मामूली पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी झगड़े में बदल गया. 10 रुपए के लेन-देन को लेकर हुई बहस ने एक परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी. सब्जी बेचकर घर चलाने वाले 44 वर्षीय संजय सैनी की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं, इस पूरी वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

मृतक की बेटी शिवानी के अनुसार, उनके पिता संजय सैनी बूढ़ाखेड़ा गांव के रहने वाले थे और मुख्य सड़क के पास फल और सब्जी की रेहड़ी लगाते थे. मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी मां और बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थीं. इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे और फल-सब्जियां खरीदीं. कुल बिल 210 रुपए बना, लेकिन युवक केवल 200 रुपए देकर जाने लगे. जब बाकी के 10 रुपए मांगे गए तो दोनों युवक नाराज हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी. आवाज सुनकर संजय सैनी मौके पर पहुंचे.

देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया

परिवार का आरोप है कि बहस के दौरान दोनों युवकों ने संजय सैनी को धक्का दे दिया. इसके बाद माहौल और बिगड़ गया. हाथापाई शुरू हो गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी. शिवानी ने बताया कि उनकी छोटी बहन सलौनी अपने पिता को बचाने के लिए आगे आई. उसके हाथ में डंडा था, लेकिन आरोपियों ने वह डंडा छीन लिया और उसी से उस पर हमला कर दिया. जब उनकी मां अनु बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई. इसी दौरान आरोपियों ने संजय सैनी के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए.

इलाज के दौरान हुई मौत

गंभीर चोट लगने के बाद संजय सड़क पर गिर पड़े. घटना के तुरंत बाद परिवार के लोग घायल संजय को करनाल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिवार के बयान दर्ज किए. बेटी शिवानी ने कहा कि वह दोनों आरोपियों को पहचान सकती है और उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए.

CCTV फुटेज आया सामने

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों युवक और सब्जी विक्रेता एक-दूसरे पर ईंटें फेंक रहे हैं. इसी दौरान एक युवक ईंट उठाकर संजय सैनी के सिर पर जोर से वार करता है, जिसके बाद वह नीचे गिर जाते हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

सेक्टर 32-33 थाना पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो