ओलों और आंधी का कहर, 19 राज्यों में IMD का हाई अलर्ट, दिल्ली-यूपी में 75 किमी/घंटा तेज हवाएं

आईएमडी ने 17 राज्यों में जोरदार बारिश, तेज आंधी, गरज-चमक और ओला का रेड अलर्ट जारी किया है. हवाएं 60-75 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी, बिजली गिरने का खतरा बढ़ेगा. कुछ जगहों पर अभी भी लू का कहर जारी रहेगा, लेकिन तापमान में हल्की राहत मिल सकती है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

देश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 16 मार्च 2026 से अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और मध्य भारत के 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 75 किमी/घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट जारी किया है. इससे किसानों, यात्रियों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, जबकि कुछ इलाकों में भीषण लू का प्रकोप भी जारी है.पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है, जिसके चलते उत्तर भारत में बारिश और ओले का दौर शुरू हो चुका है. पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में भी आंधी-बिजली का खतरा मंडरा रहा है, जबकि पश्चिमी भारत में बारिश और लू का दोहरा असर दिखाई दे रहा है.

उत्तर भारत में तूफानी बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला

उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज से ही बारिश शुरू हो गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-बिजली के साथ 50-70 किमी/घंटा की तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 16 से 20 मार्च तक ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 मार्च को बारिश का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी भी संभव है.

पूर्वी और मध्य भारत में आंधी-बिजली का बढ़ता खतरा

बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 16 से 19 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. आज बिहार, झारखंड और ओडिशा में 50-70 किमी/घंटा की आंधी और ओले गिर सकते हैं. विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 20 मार्च तक बौछारें जारी रह सकती हैं. किसानों को खुले में काम करने से बचने की सलाह दी गई है.

पश्चिमी भारत में बारिश और लू का दोहरा प्रकोप

गुजरात और महाराष्ट्र में 16 से 19 मार्च तक छिटपुट बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की हवाएं चलने का अनुमान है. गुजरात में 18-19 मार्च को प्रभाव ज्यादा रहेगा. विदर्भ में आज उष्ण लहर चल रही है. राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू से बच्चों तथा बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी होगी.

तापमान में और प्रमुख शहरों का हाल

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा, उसके बाद फिर बढ़ने लगेगा. मध्य और पूर्वी भारत में तापमान में धीरे-धीरे कमी आएगी. आज दिल्ली में 31°C, लखनऊ में 32°C, पटना में 33°C, जयपुर में 33°C, भोपाल में 34°C और शिमला में 15°C तक तापमान रहने का अनुमान है. मुंबई और चेन्नई में गर्मी के साथ उमस बनी रहेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो