मार्च से ही आग बरसाएगा आसमान! मार्च-मई में 45° पार पारा, लू तोड़ेंगे सारे रिकॉर्ड; IMD ने जारी किया अलर्ट

मार्च का महीना शुरू होते ही गर्मी का मार शुरू हो गया है. IMD ने मार्च से मई 2026 तक के लिए अपना मौसमी पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें साफ कहा गया है कि देश के ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लू के दिन भी बढ़ेंगे.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: भारत में इस बार गर्मी का मौसम काफी कठिन रहने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हाल ही में मार्च से मई 2026 तक के लिए अपना मौसमी पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें साफ कहा गया है कि देश के ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लू के दिन भी बढ़ेंगे. यह अनुमान विभिन्न वैश्विक मौसम मॉडलों और IMD के अपने सिस्टम पर आधारित है.

तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान

IMD के अनुसार, मार्च से मई की अवधि में अधिकांश क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है. रात का न्यूनतम तापमान भी ज्यादातर जगहों पर सामान्य से ज्यादा रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी. इससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वालों पर. कुछ क्षेत्रों में अपवाद भी हैं. 

मार्च में कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है, लेकिन अप्रैल और मई में गर्मी तेज हो जाएगी. उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों और मध्य भारत के कुछ भागों में तापमान सामान्य स्तर पर या कम रह सकता है, जबकि पूर्व, पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व भारत में गर्मी ज्यादा होगी.

लू का बढ़ता खतरा

इस साल लू के दिन सामान्य से काफी अधिक होने का अनुमान है. पूर्व और पूर्व-मध्य भारत के बड़े हिस्सों में, दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीप के कई इलाकों में और उत्तर-पश्चिम तथा पश्चिम-मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में लू ज्यादा चलेगी. 

IMD ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, दक्षिणी-पूर्वी महाराष्ट्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तरी कर्नाटक-तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में लू के दिन 3 से 15 तक सामान्य से ज्यादा हो सकते हैं.

लू तब होती है जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है और गर्म हवाएं चलती हैं. इससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. 

मार्च में दिन और रात का तापमान

मार्च में दिन का तापमान कई जगहों पर सामान्य से कम या सामान्य रह सकता है, लेकिन पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और मध्य-दक्षिण भारत में तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा. रात का तापमान ज्यादातर क्षेत्रों में सामान्य से ऊपर रहेगा. उत्तर-पश्चिम और दक्षिण प्रायद्वीप के कुछ इलाकों में रात ठंडी रह सकती है. 

लोगों के लिए सलाह

यह गर्मी फसलों, पानी की कमी, बिजली की मांग और स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है. लोगों को चाहिए कि धूप में कम निकलें, खूब पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और लू से बचाव के उपाय अपनाएं. IMD का यह पूर्वानुमान हमें पहले से तैयारी करने का मौका देता है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag