'बर्बर, कायरतापूर्ण, अमानवीय हिंसा...भारत ने काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा की

काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान द्वारा हवाई हमले पर अब भारत की प्रतिक्रिया सामने आ गई है. भारत ने इस हवाई हमले की निंदा की है. इस हमले में करीबन 400 लोगों की जान चली गई और 250 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार रात पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमले ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है. अफगान अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 400 लोग मारे गए और करीब 250 घायल हो गए. 

यह अस्पताल 'ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल' के नाम से जाना जाता है, जहां 2000 बेड की क्षमता के साथ नशेड़ियों का इलाज किया जाता था. हमले के बाद अस्पताल के बड़े हिस्से तबाह हो गए और जगह-जगह आग लग गई. अब इस पूरी घटना पर भारत की प्रतिक्रिया भी समाने आ गई है.

भारत की कड़ी प्रतिक्रिया

भारत ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर पाकिस्तान के इस कदम को 'कायराना' और 'अस्वीकार्य' बताया. मंत्रालय ने कहा कि एक अस्पताल जैसे नागरिक स्थल पर हमला किसी भी हाल में जायज नहीं ठहराया जा सकता. यह हमला आम नागरिकों, मरीजों और अस्पताल के स्टाफ के खिलाफ क्रूरता का प्रतीक है.

भारत ने इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन करार दिया और चेतावनी दी कि ऐसे कदम क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा पैदा करते हैं. बयान में कहा गया कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए सीमा पार आक्रामकता का सहारा ले रहा है.

रमजान के महीने में हमला

यह हमला पवित्र महीने रमजान के दौरान हुआ, जिसे भारत ने और भी अधिक परेशान करने वाला बताया. विदेश मंत्रालय ने कहा कि किसी भी धर्म या नैतिकता में अस्पताल और मरीजों को जानबूझकर निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है. ऐसे कृत्य मानवता के खिलाफ हैं.

पाकिस्तान का पक्ष

पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया है. पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उनके हवाई अभियान केवल आतंकी ठिकानों और सैन्य स्थलों पर केंद्रित थे, किसी नागरिक सुविधा या अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया. उन्होंने अफगानिस्तान के दावों को गलत और भ्रामक बताया.

अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील

भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह इस घटना की जांच करे और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराए. साथ ही, नागरिकों पर हमलों को तुरंत रोकने की मांग की गई है. भारत ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अफगानिस्तान की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो