तनाव के माहौल में सुकून बना ‘Iranian Mahadev Song’, मुस्लिम लड़की ने हिजाब पहनकर गाया भजन

ईरान की एक मुस्लिम लड़की द्वारा फारसी में गाया गया शिव भजन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. युद्ध के माहौल के बीच यह भजन शांति, एकता और भक्ति का संदेश देकर लोगों का दिल जीत रहा है.

Shraddha Mishra

एक तरफ अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहा युद्ध लोगों को बेचैन कर रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों के दिलों को छू लिया है. यह वीडियो किसी बड़े कलाकार का नहीं, बल्कि ईरान की एक आम लड़की का है, जो भगवान शिव का भजन गाकर शांति और एकता का संदेश दे रही है. कठिन समय में सामने आया यह भजन लोगों के लिए सुकून की तरह काम कर रहा है.

यह वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें एक ईरानी मुस्लिम लड़की अपनी मातृभाषा फारसी में भगवान शिव का भजन गाती नजर आ रही है. खास बात यह है कि भजन में “हर हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” जैसे मंत्र भी सुनाई देते हैं. लोगों के लिए यह अनुभव नया और भावुक कर देने वाला है, क्योंकि एक अलग संस्कृति और देश से आई आवाज में भारतीय आध्यात्मिकता की झलक देखने को मिल रही है.

भजन में झलकती है शिव की महिमा

इस भजन में भगवान शिव के विभिन्न रूपों और उनकी शक्ति का वर्णन किया गया है. नटराज रूप, उनका तांडव और उनकी दिव्यता को बहुत सरल शब्दों में प्रस्तुत किया गया है. जो भी इस भजन को सुन रहा है, वह खुद को उससे जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है.

बताया जा रहा है कि यह भजन मार्च 2026 की शुरुआत में सामने आया और कुछ ही दिनों में सोशल मीडिया पर फैल गया. ऐसे समय में, जब दुनिया युद्ध और तनाव की खबरों से भरी हुई है, यह भजन लोगों के बीच उम्मीद और शांति का संदेश लेकर आया है. यह बात भी लोगों को खास लग रही है कि यह भजन किसी भारतीय कलाकार ने नहीं, बल्कि ईरान की एक लड़की ने गाया है.

वीडियो में दिखी पुरानी झलकियां

इस भजन के वीडियो में कुछ पुराने चित्र और प्रतीक भी दिखाए गए हैं. इनमें प्राचीन ईरान की सभ्यता से जुड़े सिक्के और एक पुराना शिवलिंग जैसी तस्वीरें शामिल हैं. इन दृश्यों ने लोगों के बीच नई चर्चा शुरू कर दी है. कुछ लोग मानते हैं कि यह भारत और ईरान के पुराने सांस्कृतिक संबंधों की झलक हो सकती है, जबकि कुछ इसे केवल एक कलात्मक प्रस्तुति मानते हैं.

लोगों ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया

सोशल मीडिया पर इस भजन को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है. लोग इसे “Persian Shiva Bhajan” और “Iranian Mahadev Song” जैसे नामों से शेयर कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि भक्ति की कोई सीमा नहीं होती और यह भजन उसी का उदाहरण है.

यह वायरल वीडियो सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक संदेश बन गया है कि धर्म, भाषा और देश की सीमाएं इंसानियत और आस्था को नहीं रोक सकतीं. इस भजन ने यह साबित कर दिया कि कठिन समय में भी कला और भक्ति लोगों को जोड़ने का काम करती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो