ममता हुई शर्मसार! चलती ट्रेन से डेढ़ साल के बच्चे को फेंका, दूसरे के लिए बनाया था ये प्लान
झारखंड के चक्रधरपुर से एक दिल देहला देने वाला मामला सामने आया है. जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रही एक मां ने अपने ही डेढ़ महीने के चलती ट्रेन से फेंक दिया.

झारखंड: झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल से ममता को शर्मसार और इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रही एक मां ने अपने ही डेढ़ महीने के दुधमुहे बच्चे को चलती ट्रेन की खिड़की से नीचे ट्रैक पर फेंक दिया.
दर्दनाक मौत
तेज रफ्तार ट्रेन से गिरने के कारण मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दिल दहला देने वाली यह घटना यहीं नहीं रुकी, आरोप है कि महिला ने अपने तीन साल के दूसरे बेटे को भी चलती ट्रेन से नीचे फेंकने का प्रयास किया, लेकिन बोगी में बैठे सह-यात्रियों की सूझबूझ और मुस्तैदी से उसकी जान बच गई. यात्रियों ने आरोपी महिला और उसके पति को दबोचकर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया है.
बरामद हुआ मासूम का शव
यह खौफनाक घटना बुधवार को ट्रेन संख्या 12021 हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में उस समय हुई, जब ट्रेन राजखरसावां और महालीमरूप रेलवे स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने अचानक अपने नवजात बच्चे को खिड़की से बाहर उछाल दिया. इससे पहले कि कोच में बैठे लोग कुछ समझ पाते उसने अपने दूसरे मासूम बच्चे को भी फेंकने के लिए हाथ बढ़ाया. यात्रियों ने तुरंत शोर मचाते हुए महिला को दबोच लिया और दूसरे बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया.
सर्च ऑपरेशन चलाया गया
यात्रियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद रेलवे सुरक्षा बल और सिनी पोस्ट के जवान तुरंत हरकत में आए. घटना वाले रूट पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया. मासूम की लाश देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गई.
धर्म परिवर्तन का एंगल
पुलिस की शुरुआती जांच में इस पूरे मामले के पीछे एक पेचीदा और पुराना पारिवारिक विवाद सामने आया है. आरोपी महिला की पहचान मुद्रावती गोप के रूप में हुई है जो झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव की रहने वाली है. वहीं उसका पति शाहबुद्दीन पश्चिम बंगाल का निवासी है.
अपहरण का मामला दर्ज
करीब चार साल पहले शाहबुद्दीन ने मुद्रावती से विवाह किया था, जिसके बाद महिला का नाम बदलकर हसीना बेगम रख दिया गया. दोनों हैदराबाद में छिपकर रह रहे थे. लड़की के परिजनों ने मझगांव थाने में शाहबुद्दीन के खिलाफ बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था. हाल ही में पुलिस का कानूनी दबाव बढ़ने के कारण शाहबुद्दीन अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर आत्मसमर्पण करने या जांच में शामिल होने मझगांव थाने आ रहा था लेकिन रास्ते में ही यह खौफनाक कांड हो गया.
पुलिस जांच में जुटी
जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने आरोपी महिला मुद्रावती उर्फ हसीना बेगम को चाईबासा रेलवे स्टेशन पर हिरासत में ले लिया है. पुलिस इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि क्या महिला ने यह कदम किसी अत्यधिक मानसिक तनाव पारिवारिक कलह या घरेलू प्रताड़ना के चलते उठाया या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है.


