कर्नाटक में नदी में सीपियां इकट्ठा करते समय बड़ा हादसा, 8 लोगों की डूबने से मौत

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से एक दर्दनाक हादसा हो गया. भटकल तालुक के शिराली गांव के पास स्थित थट्टे हक्कालु नदी में सीपियां इकट्ठा करने उतरे एक ही परिवार के आठ सदस्यों की पानी के तेज बहाव में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है. भटकल तालुक के शिराली गांव के पास स्थित थट्टे हक्कालु नदी में सीपियां इकट्ठा करने उतरे एक ही परिवार के आठ सदस्यों की पानी के तेज बहाव में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई.

मातम पसर गया

मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है. नदी तटीय इलाकों में रहने वाले स्थानीय समुदायों के लिए सीपियां चुनना एक पारंपरिक आजीविका और गतिविधि रही है. लेकिन रविवार को यही परंपरा इस परिवार के लिए काल बन गई.

पानी बना हादसे की वजह

रविवार को शिराली गांव के लगभग 14 लोग एक साथ थट्टे हक्कालु नदी में सीपियां ढूंढने के लिए उतरे थे. इस दौरान क्षेत्र में हाल ही में हुई बारिश की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी की रफ्तार काफी तेज थी. नदी में उतरे लोग पानी के स्तर और गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाए और सीपियां खोजते-खोजते नदी के बेहद गहरे हिस्से में चले गए.

मौके पर पहुंची पुलिस

नदी के बीच पहुंचते ही अचानक पानी की एक बेहद तेज धारा आई जिसमें फंसकर एक-दो लोग बहने लगे. उन्हें डूबता देख और बचाने के प्रयास में किनारे पर मौजूद परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी बिना सोचे समझे नदी के गहरे पानी में कूद गए. देखते ही देखते तेज जलधारा ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया और एक के बाद एक कई लोग पानी में समा गए.

रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को सूचित किया. स्थानीय गोताखोरों और आपदा राहत टीमों को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया.

अब तक 8 शव बरामद

घटना के बाद से ही नदी में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. बचाव दल ने अब तक नदी से आठ शवों को बाहर निकाल लिया है. अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है क्योंकि परिवार के दो अन्य सदस्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.

लोगों की तलाश जारी

स्थानीय प्रशासन, पुलिस टीम और गोताखोर लगातार नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं. इस भयानक हादसे ने पूरे शिराली गांव को झंझोर कर रख दिया है और पीड़ित परिवार के घर पर चीख पुकार मची हुई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो