5 लाख ब्याज-मुक्त लोन, 3000 रुपये पेंशन और 50 लाख का...केरल में चुनाव से पहले राहुल गांधी ने 5 गारंटी का किया ऐलान
केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने जनता को लुभाने के लिए कई वादें किए हैं. राहुल गांधी ने महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और आम परिवारों की मदद के लिए 5 गारंटी दी है.

केरल: केरल में आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तिरुवनंतपुरम में पांच प्रमुख गारंटियों की घोषणा की है. ये वादे महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और आम परिवारों की मदद पर केंद्रित है. राहुल गांधी का कहना है कि ये गारंटियां राज्य में सामाजिक सुरक्षा मजबूत करेंगी, आर्थिक बोझ कम करेंगी और रोजगार बढ़ाएंगी.
महिलाओं को विशेष राहत
महिलाओं के लिए कांग्रेस ने दो बड़े ऐलान किए हैं. पहला, केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट की सभी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. दूसरा, कॉलेज पढ़ने वाली छात्राओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. इससे उच्च शिक्षा में लड़कियों की भागीदारी बढ़ेगी और परिवारों पर खर्च का बोझ कम होगा.
बुजुर्गों के लिए पेंशन में बढ़ोतरी
वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों के लिए सामाजिक पेंशन को बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह करने का वादा किया गया है. फिलहाल पेंशन कम होने से कई लोगों को मुश्किल होती है. यह बढ़ोतरी उन्हें बेहतर जीवन जीने में मदद करेगी.
स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच
हर परिवार को 50 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने की योजना है. इसे ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम नाम दिया जाएगा, जो पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की याद में होगी. महंगे इलाज से परिवार उजड़ जाते हैं, इस योजना से ऐसी स्थिति से बचाव होगा.
युवाओं को ब्याज-मुक्त लोन
रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने के लिए युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त लोन मिलेगा. इससे नए व्यवसाय शुरू होंगे, स्टार्टअप बढ़ेंगे और बेरोजगारी कम होगी. कांग्रेस का मानना है कि युवा ताकत से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत बनेगी.
बुजुर्गों के लिए अलग विभाग
बुजुर्गों की देखभाल, सुरक्षा और सम्मान के लिए एक अलग विभाग बनाने का प्रस्ताव है. इससे उनकी समस्याओं का तेजी से समाधान होगा और उन्हें सम्मानजनक जीवन मिलेगा.
राहुल गांधी ने कहा कि ये गारंटियां केरल के लोगों के जीवन को बेहतर बनाएंगी. कांग्रेस इन वादों को चुनावी घोषणा-पत्र का मुख्य हिस्सा बनाएगी. अब देखना है कि ये ऐलान मतदाताओं पर कितना असर डालते हैं.


