ट्विशा मौत केस में बड़ा एक्शन, 5 दिन की CBI रिमांड पर सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है. शुक्रवार को भोपाल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने दोनों को 5 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है.

भोपाल: भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब और ज्यादा गंभीर होता जा रहा है. इस केस में सीबीआई लगातार जांच को आगे बढ़ा रही है और अब एजेंसी ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी शुरू कर दी है. शुक्रवार को भोपाल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने दोनों को 5 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया.
सीबीआई ने कोर्ट में दलील दी कि मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं और मां-बेटे से आगे पूछताछ जरूरी है. एजेंसी ने गिरिबाला सिंह की 5 दिन की रिमांड मांगी, वहीं समर्थ सिंह की कस्टडी भी आगे बढ़ाने का अनुरोध किया. कोर्ट ने सीबीआई की मांग स्वीकार करते हुए दोनों को 2 जून तक रिमांड में भेजने का आदेश दिया.
गिरिबाला सिंह पर सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 15 मई को मिली अंतरिम जमानत को रद्द कर दिया था, जिसके बाद सीबीआई ने गुरुवार को गिरिबाला सिंह से करीब 7 घंटे तक लंबी पूछताछ की. पूछताछ के बाद एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने मामले से जुड़े सबूतों के साथ छेड़छाड़ की. वहीं समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई की हिरासत में थे. एजेंसी ने 25 मई की रात इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की थी.
घटना वाली रात की हर गतिविधि खंगाल रही सीबीआई
सीबीआई की टीम ने हाल ही में गिरिबाला सिंह के घर पहुंचकर उस रात की परिस्थितियों को समझने की कोशिश की, जिस रात ट्विशा शर्मा की मौत हुई थी. जांच टीम ने घर में मौजूद लोगों की गतिविधियों और घटना के बाद उठाए गए कदमों की जानकारी जुटाई. इसके साथ ही एजेंसी कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है. सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि घटना की रात किस-किस से संपर्क किया गया था और मौत के बाद घटनास्थल पर क्या बदलाव किए गए.
इस मामले में सीबीआई आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल कर रही है. जांच एजेंसी “टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन” तकनीक की मदद से ट्विशा शर्मा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार कर रही है. इसका मकसद यह समझना है कि घटना से पहले और बाद में क्या-क्या हुआ और किस समय कौन-सी गतिविधियां हुईं. जांच अधिकारियों का मानना है कि इस तकनीक से कई ऐसे तथ्य सामने आ सकते हैं, जो सामान्य जांच में आसानी से पकड़ में नहीं आते.
सुप्रीम कोर्ट ने दिए थे सख्त निर्देश
इस केस ने राष्ट्रीय स्तर पर भी काफी ध्यान खींचा है. सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को स्वत: संज्ञान लेते हुए सीबीआई को जांच तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया था. कोर्ट ने कहा था कि मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है. इसके साथ ही अदालत ने आरोपी और पीड़ित दोनों परिवारों से अपील की थी कि वे जांच पूरी होने तक मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी से बचें, ताकि जांच प्रभावित न हो.
शादी के कुछ महीनों बाद हुई थी मौत
नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी. शादी के कुछ महीनों बाद ही 12 मई की रात ट्विशा अपने ससुराल में पंखे से लटकी मिली थीं. उनकी मौत ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर दिया था. ट्विशा के परिवार ने पति और ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है. वहीं दूसरी ओर सास गिरिबाला सिंह ने इसे आत्महत्या बताया था और ट्विशा पर ड्रग्स लेने के आरोप लगाए थे. अब सीबीआई की जांच से यह साफ होने की उम्मीद है कि आखिर उस रात क्या हुआ था.


