ट्विशा शर्मा केस में सनसनीखेज ट्विस्ट! गवाह को पीट-पीटकर किया अधमरा, बोले- 'गवाही मत देना'

ट्विशा शर्मा मामले में एक नई जानकारी सामने आई है. इस मामले के मुख्य गवाह नीरज दुबे ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके उपर गवाही न देने का दबाव बनाते हुए मारपीट की गई है.

Sonee Srivastav

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मामले में सीबीआई जांच जारी है. इस बीच साक्ष्य जुटाने में लगे एक गवाह के साथ मारपीट की घटना ने सभी को चौंका दिया है. पीड़ित युवक का आरोप है कि आरोपी समर्थ के दोस्तों ने उसे गवाही न देने के लिए बुरी तरह पीटा. दूसरी तरफ आरोपी पक्ष का दावा है कि युवक ने शराब के नशे में उनके रेस्टोरेंट में हंगामा किया. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच में जुटी हुई है.

30 मई को हुई घटना 

यह पूरी घटना 30 मई को हुई. पीड़ित नीरज दुबे कटाराहिल्स इलाके में गिरिबाला सिंह के घर के पास सांची पार्लर चलाते हैं. ट्विशा शर्मा केस में पुलिस ने साक्ष्य बरामद करने के दौरान उन्हें गवाह बनाया था. शनिवार को वे उसी क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में शराब पीकर गए. 

गवाही न देने का बनाया दबाव

रेस्टोरेंट पहुंचते ही 4 से 5 युवकों ने नीरज दुबे को घेर लिया. हमलावरों ने उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. पीड़ित के अनुसार, युवकों ने साफ कहा, “तू इस मामले में गवाह क्यों बन रहा है?” गवाही से हटने का दबाव बनाने के लिए उन्होंने लात-घूंसे मारे. 

नीरज दुबे का आरोप है कि ये युवक आरोपी समर्थ के दोस्त हैं. मारपीट के बाद नीरज दुबे काफी घायल हो गए. उन्होंने तुरंत इस घटना की शिकायत कटाराहिल्स थाने में दर्ज कराई.

दोनों पक्षों ने थाने में की शिकायत 

दूसरी तरफ रेस्टोरेंट संचालक ने भी अपनी शिकायत दी. उनके अनुसार नीरज दुबे शराब के नशे में रेस्टोरेंट में घुसकर हंगामा करने लगे थे. थाना प्रभारी सुनील दुबे ने बताया कि रेस्टोरेंट वाले की शिकायत पहले आई थी. उन्होंने कहा, “जब तक हम नीरज को बुलाकर पूछताछ करते, उससे पहले उन्होंने हमले का आरोप लगा दिया.” पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों की बातों की जांच कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना

इस वारदात को पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे ने रिकॉर्ड कर लिया है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवक कैसे दबंगई दिखाते हुए नीरज दुबे पर टूट पड़े. पुलिस इस फुटेज का भी गहराई से अध्ययन कर रही है. यह वीडियो मामले में अहम सबूत साबित हो सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो