score Card

मिशेल डेवोरेट, जॉन क्लार्क और जॉन मार्टिनिस को मिलेगा 2025 का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार

भौतिकी में 2025 का नोबेल पुरस्कार जॉन क्लार्क, मिशेल डेवोरेट और जॉन मार्टिनिस को विद्युत परिपथों में क्वांटम मैकेनिकल टनलिंग व ऊर्जा क्वांटाइजेशन की खोज के लिए मिला. उनकी शोध ने क्वांटम कंप्यूटिंग और आधुनिक भौतिकी में नई दिशा दी है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भौतिकी के क्षेत्र में 2025 का नोबेल पुरस्कार इस वर्ष तीन प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों जॉन क्लार्क, मिशेल एच. डेवोरेट और जॉन एम. मार्टिनिस को प्रदान किया गया है. इन्हें यह सम्मान “विद्युत परिपथों में मैक्रोस्कोपिक क्वांटम मैकेनिकल टनलिंग और ऊर्जा क्वांटाइजेशन की खोज” के लिए दिया गया. इन वैज्ञानिकों की खोज ने आधुनिक क्वांटम कंप्यूटिंग की नींव को और मजबूत किया है. यह शोध बताता है कि किस प्रकार क्वांटम प्रभाव बड़े पैमाने पर भी विद्युत परिपथों में दिखाई दे सकते हैं.

इन तीनों शोधकर्ताओं के कार्य ने न केवल क्वांटम सिद्धांत की व्यावहारिक समझ को बढ़ाया, बल्कि भविष्य के सुपरफास्ट और ऊर्जा-कुशल क्वांटम कंप्यूटरों के विकास के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोला. उनका काम विज्ञान और प्रौद्योगिकी की उस सीमारेखा को आगे बढ़ा रहा है, जहां सूक्ष्म कणों का व्यवहार अब प्रयोगशालाओं में सटीक रूप से नियंत्रित और मापा जा सकता है.

2024 में किसे दिया गया था पुरस्कार 

पिछले वर्ष, 2024 में, भौतिकी का नोबेल पुरस्कार जॉन हॉपफील्ड और जेफ्री हिंटन को दिया गया था. इन दोनों ने भौतिकी के सिद्धांतों का उपयोग कर मशीन लर्निंग की नींव रखने वाले ऐसे मॉडल विकसित किए, जिन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया. हॉपफील्ड ने एक ऐसी प्रणाली तैयार की जो डेटा में पैटर्न को याद रखकर पुनर्निर्मित कर सकती है, जबकि हिंटन ने ऐसी विधि विकसित की जो डेटा के भीतर छिपे गुणों को स्वतः पहचानने में सक्षम है.

इस सप्ताह की शुरुआत में, 2025 का नोबेल पुरस्कार फिजियोलॉजी या मेडिसिन में मैरी ब्रुनको, फ्रेड रामस्डेल और शिमोन सकागुची को दिया गया. उन्हें परिधीय प्रतिरक्षा सहिष्णुता (Peripheral Immune Tolerance) की खोज के लिए सम्मानित किया गया. 

नोबेल पुरस्कार किसे दिया जाता है? 

नोबेल पुरस्कार हर वर्ष रसायन विज्ञान, भौतिकी, चिकित्सा, साहित्य और शांति के क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वालों को दिया जाता है. प्रत्येक पुरस्कार की राशि लगभग 1.1 करोड़ स्वीडिश क्राउन (लगभग 1.2 मिलियन डॉलर) होती है. यह सम्मान पाने वाले वैज्ञानिक तुरंत वैश्विक पहचान प्राप्त करते हैं.

नोबेल पुरस्कार की स्थापना अल्फ्रेड नोबेल ने की थी. ये एक धनी स्वीडिश रसायनज्ञ और आविष्कारक थे. अपनी वसीयत में उन्होंने लिखा था कि उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा उन व्यक्तियों को पुरस्कार देने में लगाया जाए, जिन्होंने “मानवता के लिए सबसे बड़ा योगदान” दिया हो.

विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार चयन अलग-अलग संस्थानों द्वारा किया जाता है. भौतिकी और रसायन विज्ञान के लिए रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज, चिकित्सा के लिए कारोलिंस्का इंस्टीट्यूट, साहित्य के लिए स्वीडिश एकेडमी और शांति के लिए नॉर्वे की संसद. इसके अतिरिक्त, अर्थशास्त्र में नोबेल स्मृति पुरस्कार की स्थापना 1968 में स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने की थी.

calender
07 October 2025, 03:38 PM IST

जरूरी खबरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag