जीप नहीं, खच्चर चाहिए...राज्यसभा में PM मोदी ने सुनाया एक किस्सा, जब योजना आयोग से भिड़ गई थी इंदिरा
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलतियों को ठीक करने में हमारी शक्ति जा रही है. मोदी ने इंदिरा गांधी का एक किस्सा सुनाया, जिसमें उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए खच्चर की जरूरत बताई थी. मोदी ने कहा कि कांग्रेस की कार्यशैली ने देश को नुकसान पहुंचाया है.

नई दिल्ली : राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को खूब सुनाया और कहा कि हमारी काफी शक्ति उनकी (कांग्रेस) गलतियों को ठीक करने में जा रही है. उन्होंने कहा कि दुनिया के मन में जो उनके समय की छवि है, उस छवि को धोने में लगी हुई है, क्योंकि कांग्रेस ने देश को उसी हालत में छोड़ दिया था.
आज देश रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है...
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने कहा कि इसी काम के लिए हमने फ्यूचर-रेडी पॉलिसी पर बल दिया है. उन्होंने कहा कि आज आपने देखा होगा कि देश नीति के आधार पर चल रहा है. उसी कारण आज विश्व में देश पर विश्वास बन रहा है. उन्होंने कहा कि आज देश रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार हो चुका है. कांग्रेस की गलतियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने एक किस्सा सुनाया. आइए जानते है पीएम मोदी के द्वारा सुनाए जा रहे इस किस्से को आसान भाषा में.
पहाड़ी इलाकों में जीप की नहीं, खच्चर की जरूरत
PM मोदी ने कहा कि हमारे देश के एक नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश के दौरे पर गए थे और वहां से आने के बाद खुद उन्होंने यह घटना कहीं सुनाई थी. बतौर प्रधानमंत्री, कांग्रेस के उस नेता ने कहा कि काफी लंबे समय तक मुझे योजना आयोग से संघर्ष करना पड़ा क्योंकि वे काफी समय तक पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलग योजनाएं बनाने को तैयार ही नहीं थे. पीएम ने कहा कि उस कांग्रेसी नेता ने तब कहा था कि पहाड़ी इलाकों में हमारे मजदूरों को जीप की नहीं, खच्चर की जरूरत है. जिस कमीशन की धज्जियां उड़ा रही थीं, उसके जन्मदाता उनके ही पिता थे.
हम पैसा तो जीप के लिए ही देंगे...
पीएम मोदी ने उस किस्से को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस के उस बड़े नेता से तब योजना आयोग की तरफ से कहा गया था कि हम पैसा तो जीप के लिए ही देंगे, खच्चर के लिए नहीं. उस समय वहां (हिमाचल प्रदेश में) सड़कें नहीं थी. पीएम मोदी ने कहा, “ये भाषण इंदिरा गांधी का है. कांग्रेस के लंबे शासनकाल में यही कार्यशैली रही है. इंदिरा जी जानती थीं कि ये पाप चल रहा, लेकिन सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया. वह जिस प्लानिंग कमीशन की धज्जियां उड़ा रही थीं, उसके जन्मदाता खुद उनके पिता जी थे और उसका गठन हुए दो दशक बीत चुके थे.
2014 में हमने नीति आयोग लाया...
पीएम ने कहा कि 2014 तक सब परेशान थे, लेकिन सुधार को तैयार नहीं थे लेकिन जब उन्होंने 2014 में देश की बागडोर संभाली तो हमने उस कमीशन को खत्म कर दिया और नीति आयोग (NITI AAYOG) बनाया, जो आज तेज गति से काम कर रहा है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का राज्यसभा में जब जवाब देना शुरु किया,तो उसी समय विपक्षी सदस्यों ने नारे लगाने शुरू कर दिए. इसके थोड़ी ही देर बाद कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के सांसद सदन से वॉकआउट कर चले गए.


