दलाई लामा-एपस्टीन कनेक्शन पर आया आधिकारिक बयान, मीडिया रिपोर्टों को सिरे से नकारा
जेफरी एपस्टीन फाइल्स को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच दलाई लामा को उससे जोड़ने वाली मीडिया रिपोर्टों पर अब आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है. दलाई लामा के कार्यालय ने साफ शब्दों में इन दावों को खारिज करते हुए किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है.

नई दिल्ली: तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को बाल यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जोड़ने वाली मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्टों पर अब उनके कार्यालय की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने आई है. दलाई लामा के कार्यालय ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताते हुए साफ किया है कि उनका एपस्टीन से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं रहा है.
रविवार को जारी बयान में दलाई लामा के कार्यालय ने कहा कि न तो परम पावन दलाई लामा की कभी जेफरी एपस्टीन से मुलाकात हुई है और न ही उनकी ओर से किसी को भी उससे मिलने या बातचीत करने की अनुमति दी गई थी. यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है, जब एपस्टीन फाइलों के सार्वजनिक होने के बाद कई चर्चित नामों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.
एपस्टीन से जुड़ने के दावों का खंडन
दलाई लामा के कार्यालय ने बयान में कहा,"एपस्टीन फाइलों से संबंधित कुछ हालिया मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्टों में परम पावन दलाई लामा को जेफरी एपस्टीन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. हम स्पष्ट रूप से पुष्टि करते हैं कि परम पावन ने कभी भी जेफरी एपस्टीन से मुलाकात नहीं की है और न ही उन्होंने अपनी ओर से किसी को भी उनसे मिलने या बातचीत करने की अनुमति दी है."
Press Statement
Some recent media reports and social media posts concerning the “Epstein files” are attempting to link His Holiness the Dalai Lama with Jeffrey Epstein.
We can unequivocally confirm that His Holiness has never met Jeffrey Epstein or authorised any meeting or… pic.twitter.com/QtV6B3Wr0u— Dalai Lama (@DalaiLama) February 8, 2026
कार्यालय ने इन रिपोर्टों को भ्रामक करार देते हुए कहा कि ऐसे दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं.
एपस्टीन फाइलों के सामने आने के बाद बढ़ी चर्चा
यह सफाई ऐसे समय पर दी गई है जब हाल ही में सामने आईं एपस्टीन फाइलों ने वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है. इन फाइलों में कई मशहूर हस्तियों और प्रभावशाली लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है, जिनके जेफरी एपस्टीन से संपर्क या संबंध बताए गए हैं.
हालांकि, इन दस्तावेजों में किए गए उल्लेख किसी भी व्यक्ति के खिलाफ किसी प्रकार के अपराध की पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन इसके बावजूद चर्चाओं और विवादों का दौर तेज हो गया है.
अमेरिकी न्याय विभाग ने जारी किया नया दस्तावेजी संग्रह
पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग ने जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों का एक बड़ा नया संग्रह सार्वजनिक किया था. इस खुलासे के बाद एपस्टीन के प्रभावशाली लोगों से संबंधों पर एक बार फिर से वैश्विक ध्यान केंद्रित हुआ है.
रिपोर्ट के अनुसार, इन दस्तावेजों में 30 लाख से अधिक फाइलें, 2,000 से ज्यादा वीडियो और करीब 1 लाख 80 हजार तस्वीरें शामिल हैं.
किन-किन नामों का हुआ है उल्लेख
इन फाइलों में जिन प्रमुख नामों का जिक्र बताया गया है, उनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स और अरबपति एलोन मस्क शामिल हैं. इन्हीं दस्तावेजों में तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा का नाम भी कथित तौर पर सामने आने की बात कही गई, जिसे अब उनके कार्यालय ने पूरी तरह खारिज कर दिया है.
जेफरी एपस्टीन कौन थे?
जेफरी एपस्टीन एक अमेरिकी फाइनेंसर थे, जो नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के मामलों के कारण कुख्यात हुए. उन्होंने निवेश और वित्तीय प्रबंधन के जरिए संपत्ति अर्जित की और कई हाई-प्रोफाइल लोगों के साथ उनके संबंध सामने आए.
साल 2008 में फ्लोरिडा में उन्हें यौन अपराध के मामलों में दोषी ठहराया गया था. इसके बाद 2019 में संघीय यौन तस्करी के आरोपों में उन्हें फिर से गिरफ्तार किया गया, लेकिन उसी साल जेल में उनकी मौत हो गई. आधिकारिक तौर पर इसे आत्महत्या बताया गया, हालांकि परिस्थितियों को लेकर कई सवाल भी उठे.
एपस्टीन मामला दुनिया भर में यौन शोषण, सत्ता, प्रभाव और विशेषाधिकार से जुड़े गंभीर मुद्दों की ओर इशारा करता है.


