"पत्नी पाकिस्तान में काम करती थीं", CM हिमंता के आरोपों से घिरे कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई
असम की सियासत में हलचल मच गई है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई को लेकर पाकिस्तान कनेक्शन का दावा किया है, जिसमें उनकी पत्नी और एक पाकिस्तानी नागरिक के नाम सामने आने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है.

नई दिल्ली: असम की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से जुड़े होने के गंभीर आरोप लगाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक निर्वाचित सांसद का पाकिस्तान से इस तरह का संबंध "चिंताजनक और दुखद" है और इसे सामने लाना उनकी जिम्मेदारी है.
सीएम सरमा के मुताबिक, इस पूरे मामले की कड़ी तब खुलनी शुरू हुई जब वह सिंगापुर में निवेश से जुड़े कार्यक्रम में थे. वहीं उन्हें जानकारी मिली कि असम के एक सांसद युवाओं के साथ पाकिस्तान हाई कमीशन गए थे. इसके बाद जो तथ्य सामने आए, उन्होंने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया.
पाकिस्तान हाई कमीशन की मुलाकात से शुरू हुई जांच
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गौरव गोगोई युवाओं के एक समूह के साथ पाकिस्तान हाई कमीशन गए थे, उस समय अब्दुल बासित वहां हाई कमिश्नर थे.
उन्होंने कहा,"पहले मुझे लगा कि यह तस्वीर फोटोशॉप की गई है, लेकिन जब इसकी पुष्टि हुई, तब हमने जांच शुरू कराई."
गौरव गोगोई की पत्नी पाकिस्तान में काम करती थीं- हिमंता बिस्वा
हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया कि मार्च 2011 से मार्च 2012 के बीच गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ पाकिस्तान में कार्यरत थीं.
उन्होंने कहा कि यह परिवार पाकिस्तान के नागरिक अली तौकीर शेख के काफी करीबी संपर्क में था और बाद में अली तौकीर से जुड़ी जानकारियां “बेहद गंभीर” पाई गईं.
SIT जांच और केंद्रीय एजेंसी को सौंपने का फैसला
सीएम ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई थी, जिसकी रिपोर्ट अब सामने आ चुकी है.
उन्होंने कहा,"कल असम कैबिनेट ने फैसला किया है कि यह मामला किसी केंद्रीय जांच एजेंसी से जांचा जाना चाहिए, इसलिए इसे केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा."
कौन है अली तौकीर शेख?
मुख्यमंत्री के अनुसार, अली तौकीर शेख एक प्रभावशाली पाकिस्तानी नागरिक है, जो एक पाकिस्तानी एनजीओ से जुड़ा प्रमुख एजेंट है और पाकिस्तान योजना आयोग का सलाहकार भी रह चुका है.
वह इस्लामाबाद का निवासी है और भारत की कुल 13 यात्राएं कर चुका है, जिनमें अलग-अलग मार्गों का इस्तेमाल किया गया. सीएम ने कहा कि यह यात्रा पैटर्न जानबूझकर छिपाने की मंशा को दर्शाता है.
भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त
सीएम सरमा ने आरोप लगाया कि अली तौकीर शेख पर क्लासिफाइड सूचनाओं से जुड़े गुप्त संचार, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और आपराधिक साजिश रचने के आरोप हैं.उन्होंने कहा कि तौकीर भारत के आंतरिक मामलों को प्रभावित करने और राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने की कोशिशों में शामिल रहा है.
सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान की पैरवी
मुख्यमंत्री ने बताया कि अली तौकीर शेख ने सिंधु जल संधि जैसे मुद्दों पर पाकिस्तान के पक्ष में सक्रिय रूप से लेख और शोध पत्र लिखे. उसकी संस्था ने विदेशी मंचों और सेमिनारों के जरिए पाकिस्तान के हितों के समर्थन में माहौल बनाने का प्रयास किया.
अटारी बॉर्डर से होती थीं पाकिस्तान यात्राएं
सीएम हिमंता के मुताबिक, असम सरकार की जांच शुरू होने के बाद अली तौकीर शेख ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट और ट्वीट्स हटा दिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि एलिजाबेथ भारत से जुड़ी जानकारियां एकत्र कर अली तौकीर शेख को रिपोर्ट करती थीं.
सीएम ने दावा किया कि वह पाकिस्तान की यात्राओं को गोपनीय रखने के लिए हवाई मार्ग के बजाय अटारी बॉर्डर का इस्तेमाल करती थीं.
हलफनामे और FCRA उल्लंघन का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरव गोगोई ने अपने चुनावी हलफनामे में पत्नी के पाकिस्तानी बैंक खाते का उल्लेख नहीं किया. इसके अलावा, एलिजाबेथ को भुगतान के लिए FCRA नियमों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया गया है.
शादी से पहले भी पाकिस्तान यात्रा
सीएम सरमा ने दावा किया कि गौरव गोगोई ने दिसंबर 2013 में, शादी से पहले, गोपनीय रूप से पाकिस्तान की यात्रा की थी.
उन्होंने बताया कि उस समय गोगोई असम के मुख्यमंत्री आवास में ठहरे हुए थे.


