अमेरिका में इस्लामीकरण का खतरा? डलास मॉल्स अब लगते हैं पाकिस्तान, US संसद में दी गई बड़ी चेतावनी

अमेरिका मे मुस्लिम समुदाय को लेकर एक विवादित बयान सामने आया है. ब्रैंडन गिल ने एक वीडियो शेयर कर कहा कि टेक्सास के डलास क्षेत्र में बड़े पैमाने पर इस्लामी प्रवासन हो रहा है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिकी रिपब्लिकन कांग्रेसमैन ब्रैंडन गिल ने हाल ही में एक वीडियो संदेश में विवादास्पद बयान देकर सुर्खियां बटोरी है. उन्होंने कहा कि टेक्सास के डलास क्षेत्र में बड़े पैमाने पर इस्लामी प्रवासन हो रहा है, जिससे कुछ इलाकों का चरित्र बदल गया है.

गिल ने दावा किया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग स्थानीय मॉल में जाते समय ऐसा महसूस करते हैं जैसे वे डलास, टेक्सास में नहीं बल्कि पाकिस्तान में हों.

मस्जिदों और समुदायों में बदलाव की शिकायत

गिल ने अपने बयान में कहा, "मुझे अपने मतदाताओं से लगातार शिकायतें मिलती हैं. वे डलास के इस्लामीकरण को लेकर चिंतित हैं. नई मस्जिदें पुरानी जमीनों के पास बन रही हैं और बड़े आवासीय परिसर उभर रहे हैं, जहां पूरा समुदाय बदल रहा है." 

उन्होंने आगे कहा कि जब लोग मॉल जाते हैं और चारों ओर देखते हैं तो लगता है कि अमेरिका की संस्कृति और जगहें मौलिक रूप से बदल रही हैं. उनका कैप्शन था, "बड़े पैमाने पर इस्लामी प्रवासन उस अमेरिका को खत्म कर रहा है जिसे हम जानते हैं और प्यार करते हैं."

मुस्लिम समुदाय की ओर से निंदा

टेक्सास के मुस्लिम समुदाय के कई सदस्यों ने इन टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि यह बयान अलगाव पैदा करता है और मुस्लिम अमेरिकियों के खिलाफ हानिकारक रूढ़ियां फैलाता है. कुछ ने इसे राज्य की विविध संस्कृति का गलत चित्रण बताया.

गिल की टिप्पणियां रिपब्लिकन पार्टी में आव्रजन, सीमा सुरक्षा और सांस्कृतिक एकीकरण पर चल रही बहस का हिस्सा है. टेक्सास में मुख्य रूप से लैटिन अमेरिकी प्रवासी ज्यादा हैं, लेकिन गिल ने विशेष रूप से इस्लामी प्रवासन पर फोकस किया.

गिल का विवादास्पद इतिहास

यह पहली बार नहीं है जब गिल ने ऐसे बयान दिए हैं. वे पहले भी इस्लाम को "आत्मघाती आप्रवासन" से जुड़ा बताकर यूरोप की तुलना में अमेरिका को खतरे में डालने वाला कह चुके हैं. उन्होंने न्यूयॉर्क के एक नेता को "तीसरी दुनिया में वापस जाओ" कहकर निशाना बनाया था.

उनकी पत्नी भारतीय मूल की हैं, फिर भी कुछ पोस्ट में वे बड़े पैमाने पर प्रवासन की आलोचना करते हैं. गिल 2024 में चुने गए थे और सदन की कई समितियों में सक्रिय हैं, जहां वे सीमा सुरक्षा और सरकारी खर्च पर जोर देते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag