सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से बड़ा हादसा, वायरल वीडियो में कैद हुआ खौफनाक मंजर

फरीदाबाद के सूरजकुंड शिल्प मेले में झूला गिरने से 13 लोग घायल हो गए, जबकि ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई. घटना का वीडियो वायरल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Shraddha Mishra

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद के मशहूर सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार शाम खुशियों का माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया. मेले में लगा एक झूला अचानक गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जबकि ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर की जान चली गई.

जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झूला सामान्य रूप से चल रहा था और उस पर कई लोग सवार थे. तभी अचानक उसकी एक तरफ का सहारा देने वाला हिस्सा टूट गया. झूला तेज गति से ऊपर-नीचे हो रहा था और संतुलन बिगड़ते ही पूरी संरचना एक ओर झुक गई.

कुछ सेकंड के भीतर ही झूला जमीन की ओर लटक गया और उस पर बैठे लोग नीचे गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत भागकर झूले को संभालने की कोशिश की, लेकिन तभी दूसरी तरफ का हिस्सा भी टूट गया और पूरी संरचना धड़ाम से जमीन पर गिर गई. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूले के गिरने से ठीक पहले के दृश्य दिखाई दे रहे हैं.

इंस्पेक्टर की हुई मौत

इस हादसे में जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारी की पहचान इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है. वह मेले में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे. बताया गया है कि जब झूला गिरा, तब वह राहत और बचाव कार्य में जुटे थे. इसी दौरान मलबा उन पर गिर गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई. इंस्पेक्टर प्रसाद ने 1989 में हरियाणा सशस्त्र पुलिस में अपनी सेवा शुरू की थी और लगभग 36 वर्षों तक विभाग में कार्य किया. उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं.

अन्य घायल और हालात

हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया गया है कि एक बच्चा भी इस दुर्घटना में जख्मी हुआ है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे करीब एक घंटे पहले मेले के गेट नंबर 2 के पास भी एक ढांचा गिरने की घटना हुई थी, जिसमें एक आगंतुक घायल हो गया था.

प्रत्यक्षदर्शियों की प्रतिक्रिया

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. झूले की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों और रखरखाव से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag