Pakistan Breaks Ceasefire: भारत-पाक सीमा एक बार फिर तनाव में है. पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है और अब ये सिलसिला लगातार नौवें दिन भी जारी रहा. हर दिन की तरह इस बार भी पाकिस्तान की सेना ने एलओसी (नियंत्रण रेखा) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. लेकिन इस बार भी भारतीय सेना ने चुप बैठने के बजाय ऐसा जवाब दिया कि पाकिस्तानी चौकियों पर सन्नाटा छा गया.
दरअसल, हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया है. कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे पाकिस्तान की बौखलाहट साफ़ झलक रही है. इसी झुंझलाहट में पाकिस्तान की ओर से लगातार फायरिंग और गोलीबारी की जा रही है, जिससे सीमा के आसपास के गांवों में भी डर का माहौल बन गया है.
भारतीय सेना की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, 02 से 03 मई 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टरों में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू की. इस फायरिंग में छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन भारतीय जवानों ने तुरंत और मुंहतोड़ जवाब दिया. सेना ने साफ कहा कि हमारे जवान हर स्थिति के लिए तैयार हैं और सीमा पर किसी भी तरह की नापाक कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पाकिस्तान की ओर से इस तरह की लगातार फायरिंग का मकसद सीमा पर दहशत फैलाना और घुसपैठ की कोशिशें करना है. मगर भारतीय सेना पूरी तरह चौकस और तैयार है. सेना के सूत्रों के अनुसार, दुश्मन की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और अगर जरूरत पड़ी तो और सख्त कार्रवाई की जा सकती है.
सीमा के पास बसे कई गांवों में रात के समय लोग डर और दहशत में जी रहे हैं. लेकिन उन्हें भारतीय सेना पर पूरा भरोसा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सेना की मौजूदगी से उन्हें सुरक्षा का एहसास होता है, और वो दुश्मन से निपटने के लिए हर वक्त तैयार रहती है. First Updated : Saturday, 03 May 2025