घंटों में टूटा भरोसा, पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर, जम्मू क्षेत्र में गोले बरसाए

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर समझौते के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर इसका उल्लंघन कर दिया. जम्मू क्षेत्र के अखनूर, राजौरी और आरएस पुरा सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) पर भारी गोलाबारी की गई, जबकि पलनवाला सेक्टर में LoC पर फायरिंग हुई.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर समझौते को कुछ घंटे भी नहीं बीते थे कि पाकिस्तान की सेना ने एक बार फिर नापाक हरकत करते हुए सीजफायर का उल्लंघन कर दिया. जम्मू क्षेत्र के कई सेक्टरों में भीषण गोलाबारी और धमाकों की आवाजों से दहशत फैल गई. राजौरी, अखनूर और आरएस पुरा सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) पर तो वहीं जम्मू के पलनवाला सेक्टर में LoC पर फायरिंग की गई.

जम्मू के कई इलाकों में गोले बरसाए

सेना सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने शनिवार को राजौरी, अखनूर और आरएस पुरा सेक्टर में आर्टिलरी से भारी गोलाबारी की. इसके अलावा पलनवाला सेक्टर में एलओसी के पास भी सीजफायर तोड़ा गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाकों की आवाजें कई किलोमीटर दूर तक सुनी गईं और कुछ घरों को मामूली नुकसान भी पहुंचा है.

बारामुला में धमाके, ड्रोन को मार गिराया गया

उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले में भी धमाकों की खबरें आई हैं. वहीं सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है, जबकि इलाके में एक अन्य अज्ञात UAV (ड्रोन) को उड़ते देखा गया. ड्रोन की गतिविधियों को सीजफायर उल्लंघन के साथ जोड़कर देखा जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट है कि पाकिस्तान बहुपरतीय साजिश के तहत भारत की सीमाओं को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है.

सेना ने दिया करारा जवाब

भारतीय सेना ने इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तान की कई चौकियों को निशाना बनाया गया. सेना की ओर से कहा गया कि "हम हर उकसावे का जवाब पूरी ताकत से देंगे. भारत शांति चाहता है लेकिन कायराना हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

जानबूझकर सीजफायर का उल्लंघन?

विशेषज्ञों का मानना है कि सीजफायर के महज घंटों बाद इस तरह का हमला पाकिस्तान की मंशा को साफ जाहिर करता है. यह सीजफायर को सिर्फ 'कागजी समझौता' साबित करने की कोशिश है. वहीं सूत्रों की मानें तो सरकार इस मुद्दे को डिप्लोमैटिक लेवल पर गंभीरता से उठाने की तैयारी में है.

जनता में रोष, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पाकिस्तान की इस हरकत से सीमा से सटे गांवों में दहशत का माहौल है. वहीं सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सीमाई क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है. ड्रोन एक्टिविटी को देखते हुए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी तैनात किए गए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag