देश के साथ गद्दारी करता रहा पठान खान, 12 साल से ISI का जासूस!
राजस्थान इंटेलिजेंस ने जैसलमेर के पठान खान को पाकिस्तान की ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. उसे सीमा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने की ट्रेनिंग दी गई थी. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर 1 मई को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया.

राजस्थान इंटेलिजेंस ने जैसलमेर के रहने वाले पठान खान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. उसे 1 मई 2025 को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, पठान खान को एक महीने पहले हिरासत में लिया गया था और तभी से उससे पूछताछ चल रही थी. उसके खिलाफ गोपनीयता कानून 1923 के तहत केस दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, पठान खान साल 2013 में पाकिस्तान गया था. वहां उसकी मुलाकात ISI के अधिकारियों से हुई. उसे पैसों का लालच दिया गया और जासूसी की ट्रेनिंग दी गई. इसके बाद वह कई बार पाकिस्तान गया और भारत-पाक सीमा से जुड़ी गुप्त जानकारियां पाक एजेंसी को देता रहा.
सीमा पर ग्रामीण पूरी तरह तैयार
हाल ही में पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है. राजस्थान के सीमावर्ती गांवों के लोग भी सतर्क हैं. गांववालों का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो वे भारतीय सेना की हर संभव मदद करेंगे.
पाकिस्तान भी कर रहा सैन्य अभ्यास
पाकिस्तानी सेना भी सीमा पर तैयारियों में जुटी है. उसने कई जगह तोपें और एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए हैं. पाक वायुसेना इस समय तीन बड़े अभ्यास कर रही है:
- फिजा-ए-बद्र
- लालकार-ए-मोमिन
- जर्ब-ए-हैदरी
इनमें F-16, J-10 और JF-17 जैसे लड़ाकू विमान शामिल हैं.
भारत ने संघर्ष विराम उल्लंघन का दिया जवाब
रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने हाल ही में हॉटलाइन पर बातचीत की. भारत ने पाकिस्तान को एलओसी पर हो रहे संघर्ष विराम उल्लंघनों पर चेतावनी दी है. भारतीय सेना ने 27-28 अप्रैल की रात को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा और पुंछ जिलों में पाकिस्तान की गोलीबारी का मज़बूत जवाब दिया.


