चीन हो या पाकिस्तान... फ्रीहैंड मिलते ही भारतीय सेना बनी दुश्मनों का काल, घर में घुसकर दिया जवाब

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना को पूरी छूट दी है, जिससे पाकिस्तान के बीच डर का माहौल बन गया है.पीएम मोदी की ओर से सेना को "फ्रीहैंड" मिलने के बाद, पाकिस्तान को आशंका है कि अगले कुछ घंटों में भारत किसी भी समय बड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर सेना को पूरी छूट देकर बड़ा संदेश दे दिया है.अब सेना को किसी भी समय, किसी भी स्तर पर कार्रवाई करने का फ्रीहैंड मिल चुका है.ये वही 'लाइसेंस टू रेस्पॉन्ड' है, जिससे भारतीय सेना पहले भी आतंकवादियों के ठिकाने नेस्तनाबूद कर चुकी है – चाहे वो उरी हो, पुलवामा हो या फिर गलवान घाटी में चीन के खिलाफ किया गया जवाबी हमला.

प्रधानमंत्री मोदी की छूट का असर सिर्फ सैन्य रणनीति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे भारत की सेना का मनोबल कई गुना बढ़ जाता है.इतिहास गवाह है कि जब-जब पीएम मोदी ने सेना को खुली छूट दी है, तब-तब भारत ने दुश्मन देश को उसके घर में घुसकर जवाब दिया है.अब एक बार फिर पाकिस्तान पर एक्शन की तैयारी में भारत की सेना पूरी तरह से तैयार है, और यही डर पाकिस्तान को भीतर तक हिला रहा है.

पाकिस्तान पर कब और कैसे होगा हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ बैठक में यह साफ कर दिया कि भारत की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा.उन्होंने सेना को फुल फ्रीहैंड देते हुए कहा कि "कब, कहां और कैसे जवाब देना है – ये फैसला सेना खुद करेगी." इस छूट के बाद पाकिस्तान में डर का माहौल और ज्यादा गहरा गया है.मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान को आशंका है कि अगले 24 से 36 घंटे के भीतर भारत बड़ा सैन्य कदम उठा सकता है.

पहला बड़ा संदेश

18 सितंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के उरी में पाकिस्तानी आतंकियों ने भारतीय सेना के कैंप पर हमला किया था, जिसमें 18 जवान शहीद हो गए थे.इस हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सेना को खुली छूट दी.सेना ने भी जवाब देने में देरी नहीं की और सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया.सेना ने कहा था कि, "हमने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी लॉन्चपैड्स को तबाह कर दिया है."

भारतीय सेना का दूसरा बड़ा जवाब

14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में CRPF के 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे.इसके बाद पूरा देश गुस्से में था और पाकिस्तान से बदला लेने की मांग कर रहा था.इस बार भी प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कब, कहां और कैसे सजा दी जाएगी, इसका फैसला हमारी सेना करेगी. इसके बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया.

गलवान में चीन को भी मिल चुका है जवाब

2020 में गलवान घाटी में चीन और भारत के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें भारत के 20 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे.लेकिन भारतीय जवानों ने बहादुरी से लड़ते हुए चीन के सैनिकों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया.उस वक्त प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि सेना को जरूरी हर कदम उठाने की छूट दी गई है. भारत शांति चाहता है, लेकिन अपनी संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं करेगा.

क्यों कांप रहा है पाकिस्तान?

भारत की सेना की इन ऐतिहासिक कार्रवाइयों के पीछे एक ही कॉमन बात रही — प्रधानमंत्री मोदी का फ्रीहैंड.अब फिर से सेना को खुली छूट मिलने के बाद पाकिस्तान को डर है कि भारत कोई बड़ा कदम उठा सकता है.यही वजह है कि पाकिस्तान की सरकार, सेना और शेयर बाजार – सब में हड़कंप मचा हुआ है.

भारत जब चाहता है, तब वार करता है

भारत की सैन्य रणनीति अब रक्षात्मक नहीं रही.यह बदल चुकी है – अब जब भारत पर हमला होता है, तो जवाब सिर्फ उसी जगह नहीं बल्कि दुश्मन के घर तक पहुंचकर दिया जाता है.और इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पष्ट नीति और सेना को दिए गए फ्रीहैंड को जाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो