जंग के बीच 'जग लाडकी' ने कर दिखाया नामुमकिन काम! होमुर्ज के रास्ते तीसरा जहाज पहुंचा भारत
भारत को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. जंग के बीच भारतीय झंडे वाला क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी' सुरक्षित गुजरात पहुंच गया है. 3 दिनों में यह तीसरा जहाज है, जो सुरक्षित भारत पंहुचा है.

नई दिल्ली: गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर बुधवार को भारतीय झंडे वाला क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी' सुरक्षित पहुंच गया. यह तीन दिनों में हार्मुज जलडमरूमध्य से भारत पहुंचने वाला तीसरा जहाज है. टैंकर में लगभग 80,886 मीट्रिक टन क्रूड ऑयल लदा है, जो संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा पोर्ट से लाया गया है.
भारत को मिली एक और सफलता
वर्तमान में मध्य पूर्व में तनाव बहुत बढ़ा हुआ है. अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद ईरान ने हार्मुज जलडमरूमध्य को लगभग ब्लॉक कर दिया है. यह जलडमरूमध्य दुनिया की करीब 20 प्रतिशत क्रूड ऑयल सप्लाई का महत्वपूर्ण रास्ता है.भारत जैसे देशों के लिए यह रूट बहुत जरूरी है. ऐसे में जहाजों का सुरक्षित पहुंचना बड़ी राहत की बात है.
पहले पहुंचे दो जहाज
इससे पहले सोमवार को एमटी शिवालिक और मंगलवार को एमटी नंदा देवी सुरक्षित भारत पहुंचे थे. दोनों जहाजों में कुल करीब 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी थी. ये दोनों जहाज 13 मार्च को हार्मुज से गुजरे थे.
ईरान ने भारत के साथ विदेश मंत्रियों की बातचीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के बीच चर्चा के बाद भारतीय झंडे वाले जहाजों को गुजरने की अनुमति दी.
सरकार की तैयारी
शिपिंग महानिदेशालय पूरे मामले पर नजर रखे हुए है. जहाज मालिकों, RPSL एजेंसियों और फारस की खाड़ी में भारतीय मिशनों के साथ समन्वय किया जा रहा है. सरकार बंदरगाहों, शिपिंग कंपनियों और लॉजिस्टिक्स टीमों के साथ मिलकर सप्लाई में किसी भी तरह की रुकावट को कम करने की कोशिश कर रही है. बंदरगाहों को एंकरेज, बर्थ हायर और स्टोरेज चार्ज में छूट देने जैसी राहत उपाय अपनाने की सलाह दी गई है.
भारत की ऊर्जा सुरक्षा
यह घटनाक्रम भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है. विशेषकर एलपीजी की कमी के समय में इन जहाजों के पहुंचने से देश को बड़ी मदद मिलेगी. सरकार लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और बाकी बचे भारतीय जहाजों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं.


