गुरुग्राम में सरेआम दबंगाई... बाइकर्स पर हमला, लाखों की बाइक तोड़ी; AI से हुई बदमाशों की पहचान

गुरुग्राम में नाश्ते के लिए निकले बाइकरों पर नशे में धुत युवकों ने बेसबॉल बैट और रॉड से हमला कर दिया, जिसमें एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी 11 लाख की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई.

Simran Sachdeva

हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार सुबह नाश्ते के लिए बाइक से निकले लोगों के लिए हिंसक रूप ले लिया, जब शराब के नशे में धुत कुछ लोगों ने बाइक सवारों पर हमला कर दिया. नशे में 4 लोगों ने लोहे की रॉड और बेसबॉल बैट से हमला किया. ये चौंकाने वाली घटना द्वारका एक्सप्रेसवे के पास हुई, जिसने शहर में सनसनी फैला दी है.

शिकायतकर्ता हार्दिक शर्मा, जो कि सेक्टर 46 गुरुग्राम निवासी और पेशे से सॉफ्टवेयर डेवेलपर हैं. उन्होंने बताया कि वो और उनके कुछ दोस्त एंबिएंस मॉल से मानेसर ब्रेकफास्ट के लिए निकले थे. इसी दौरान एक काली महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनका पीछा करना शुरू किया और बार-बार उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की.

युवकों ने किया जानलेवा हमला

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वे बेहद खतरनाक तरीके से हमारी बाइक्स के करीब आ रहे थे और हमें सड़क से नीचे धकेलने की कोशिश कर रहे थे. हादसे से बचने के लिए हम सभी ने अपनी बाइक धीमी की और सड़क किनारे रुक गए. तभी गाड़ी हमारे सामने आकर रुकी और 4 युवक बाहर निकले और हम पर हमला कर दिया. उनके मुताबिक, हमलावरों के पास स्टील की रॉड और बेसबॉल बैट थे, जिनसे उन्होंने बाइकर समूह पर बेरहमी से वार किया. हार्दिक के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिसे उन्होंने हेलमेट पहनकर किसी तरह झेला. मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उनके सिर पर चार गंभीर चोटें आई हैं.

बाइक को किया बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हमलावरों ने हार्दिक शर्मा की बाइक Kawasaki ZX-4R को भी निशाना बनाया. हार्दिक ने बताया कि उन्होंने बाइक की फेयरिंग पैनल, लाइट्स और फ्यूल टैंक तक तोड़ दिए. इस सुपरबाइक की कीमत 11 लाख रुपये है और उसमें 3-4 लाख रुपये के एक्सेसरीज लगे थे, जिससे कुल नुकसान 4-5 लाख रुपये तक पहुंच गया.

वायरल हुए हमले के वीडियो

घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह बाइकरों को गाली दे रहे हैं और उन्हें पीट रहे हैं. हार्दिक ने बताया कि उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की मदद से आरोपियों की पहचान की. हमने कुछ पेड एआई टूल्स का इस्तेमाल किया, जिसमें आप वीडियो या फोटो अपलोड करें तो अगर उनका सोशल मीडिया अकाउंट पब्लिक है तो उसका पता चल जाता है. हमने उनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल खोजी और पुलिस को सारी जानकारी दी, जिसमें वो जिम भी शामिल था जहां वे कसरत करते थे. 

पुलिस की कार्रवाई और FIR दर्ज

सेक्टर 46 पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी भारत सिंह ने बताया कि हम वाहन नंबर और वीडियो फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर रहे हैं. प्रारंभिक जांच में लगता है कि आरोपी शराब के नशे में थे. 4 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3 (आपराधिक साजिश), 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 126 (गलत तरीके से रोकना), 351 (आपराधिक धमकी) और 324 (शरारत) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.

हार्दिक शर्मा ने बताया कि मुझे आज तक समझ नहीं आया कि उन्होंने हमें क्यों मारा. बिना कुछ कहे हमला कर दिया. मेरी बाइक बहुत महंगी है, उन्होंने उसे बुरी तरह तोड़ दिया. मैं चाहता हूं कि वे मेरे नुकसान की भरपाई करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag