होर्मुज जलडमरूमध्य पर बढ़ा तनाव, ट्रंप और ईरान आमने-सामने
ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने चेतावनी दी कि हमले जारी रहे तो क्षेत्र से तेल निर्यात रोक दिया जाएगा. वहीं ट्रंप ने कहा कि ऐसा कदम उठाने पर अमेरिका कड़ा जवाब देगा.
नई दिल्ली: ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि मौजूदा संघर्ष का अंत कैसे होगा, इसका फैसला ईरान ही करेगा. अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद आईआरजीसी ने कड़ा बयान देते हुए चेतावनी दी कि यदि हमले जारी रहे तो क्षेत्र से तेल निर्यात रोक दिया जाएगा. दूसरी ओर डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि अगर ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल की आवाजाही रोकने की कोशिश की तो अमेरिका और ज्यादा सख्त जवाब देगा. उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे हालात में ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है, हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थिति वहां तक नहीं पहुंचे.


