बैरिकेडिंग नहीं, चेतावनी नहीं... गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, मदद के बजाय गायब हुआ मोबाइल-पर्स

पंजाब के जालंधर में निर्माणाधीन पुल के पास बिना बैरिकेडिंग के खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई. युवक कई घंटों तक तड़पता रहा. पुलिस लापरवाही और संभावित लूटपाट दोनों की जांच कर रही है.

Shraddha Mishra

जालंधर: पंजाब के जालंधर में एक ऐसा हादसा हुआ जिसने लापरवाही और इंसानियत दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. देर रात अंधेरे में एक बाइक सवार युवक निर्माणाधीन पुल के पास खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरा और कई घंटों तक तड़पता रहा. मदद समय पर नहीं मिली और आखिरकार उसकी जान चली गई. जानकारी के अनुसार इस गड्ढे के आसपास किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत नहीं था. 

यह घटना जालंधर से जंडू सिंघा की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित गांव कंगनीवाल की है. यहां एक पुल का निर्माण कार्य चल रहा था. कंपनी की ओर से पुल के पिलर के लिए करीब 15 से 20 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था. लेकिन उस स्थान पर न तो कोई मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था. रात करीब साढ़े 11 बजे एक बाइक सवार युवक अंधेरे में इस गड्ढे को देख नहीं पाया और सीधे उसमें गिर गया. 

कई घंटों तक तड़पता रहा युवक

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो गड्ढे में बाइक गिरी हुई दिखाई दी. पास जाकर देखा तो अंदर युवक का शव पड़ा था. बताया जा रहा है कि गड्ढे में पड़ी लोहे की सरिया से युवक को गंभीर चोटें आई थीं. उसकी आंख भी बुरी तरह जख्मी हो गई थी. अगर रात में ही एम्बुलेंस को सूचना दे दी जाती, तो संभव है कि उसकी जान बच सकती थी. 

लूटपाट की भी आशंका

मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के पास से हेडफोन और बाइक की चाबियां तो मिलीं, लेकिन उसका मोबाइल फोन और पर्स गायब था. इस आधार पर लूटपाट की आशंका भी जताई जा रही है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या किसी ने घायल युवक की मदद करने के बजाय उसका सामान चुरा लिया.

सुरक्षा में भारी लापरवाही

घटनास्थल पर रात के समय रोशनी का कोई इंतजाम नहीं था. सुरक्षा के नाम पर सिर्फ मिट्टी के ढेर लगाए गए थे, जो किसी भी तरह से पर्याप्त नहीं थे. न तो कोई रिफ्लेक्टर था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कंपनी ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी की.

पुलिस जांच जारी

जालंधर पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और आसपास के थानों में सूचना भेजी गई है. पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और संभावित लूटपाट, दोनों पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag