Chandra Grahan 2026: 3 मार्च को इतने बजे लगेगा साल का पहला चंद्र ग्रहण, जानें किन राशियों पर पड़ेगा असर
3 मार्च 2026 को साल का पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा. सूतक काल सुबह 6:20 बजे से शुरू होगा. ज्योतिष के अनुसार कर्क, सिंह और कन्या राशि पर इसका प्रभाव अधिक पड़ सकता है, सावधानी और उपाय की सलाह दी गई है.

मार्च की शुरुआत इस बार खगोलीय दृष्टि से खास रहने वाली है. 3 मार्च 2026 को साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है, जिसे लेकर ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं में खास महत्व बताया जा रहा है. चूंकि यह ग्रहण भारत में दिखाई देगा, इसलिए इसका धार्मिक प्रभाव भी यहां मान्य होगा और सूतक काल का पालन किया जाएगा.
चंद्र ग्रहण एक प्राकृतिक खगोलीय घटना है, लेकिन भारतीय परंपरा में इसे आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूतक के दौरान मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं. पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान नहीं किए जाते. ग्रहण समाप्त होने के बाद मंदिरों की सफाई की जाती है, गंगाजल का छिड़काव होता है और फिर नियमित पूजा शुरू होती है.
चंद्र ग्रहण का समय और सूतक काल
यह पूर्ण चंद्र ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और शाम 6 बजकर 47 मिनट पर समाप्त होगा. चंद्र ग्रहण से करीब 9 घंटे पहले सूतक काल लग जाता है. इस बार सूतक सुबह 6 बजकर 20 मिनट से प्रारंभ माना जाएगा.
कहां दिखाई देगा ग्रहण?
यह चंद्र ग्रहण भारत के पूर्वी हिस्सों में अधिक स्पष्ट दिखाई देगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से नजर आ सकता है. भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण-पूर्व एशिया, प्रशांत महासागर और अमेरिका के कुछ भागों में भी इसे देखा जा सकेगा.
ज्योतिषीय स्थिति और प्रभाव
ज्योतिष के अनुसार यह ग्रहण सिंह राशि और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में लगेगा. माना जाता है कि ग्रहण का असर सबसे पहले मन और भावनाओं पर पड़ता है. इस दौरान कुछ लोगों को बेचैनी, चिंता या निर्णय लेने में उलझन महसूस हो सकती है. इसलिए इस समय धैर्य रखना और बड़े फैसले टालना उचित माना जाता है. आइए जानते हैं किन राशियों पर इसका प्रभाव ज्यादा बताया जा रहा है.
कर्क राशि
कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं, इसलिए इस राशि के लोगों पर प्रभाव अधिक माना जाता है. आर्थिक मामलों में सावधानी रखें. निवेश या संपत्ति से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें. परिवार, खासकर माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें और बोलचाल में संयम बनाए रखें.
उपाय: भगवान शिव को जल चढ़ाएं और “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें.
सिंह राशि
यह ग्रहण सिंह राशि में लग रहा है, इसलिए इस राशि के जातकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है. अगले 15 दिनों तक बड़े निर्णय टालें. खर्चों पर नियंत्रण रखें और रिश्तों में संतुलन बनाए रखें.
उपाय: ग्रहण के बाद स्नान करें, जरूरतमंदों को दान दें और भगवान शिव का अभिषेक करें.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए यह समय मानसिक और आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है. अनावश्यक खर्च से बचें और नकारात्मक विचारों से दूरी रखें. करियर से जुड़े फैसले जल्दबाजी में न लें.
उपाय: भगवान शिव की पूजा करें, बेलपत्र अर्पित करें और नियमित मंत्र जाप करें.
Disclaimer: यह लेख ज्योतिषीय मान्यताओं और पारंपरिक विश्वासों पर आधारित है. इसका उद्देश्य केवल सामान्य जानकारी देना है. किसी भी निर्णय से पहले अपनी समझ और विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.


