समुद्र के सीने को चीरते हुए भारतीय नौसेना ने दिखाई ताकत, पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच किया सफल मिसाइल परीक्षण

यह सैन्य प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है. हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई. इस घटना से पूरा देश स्तब्ध रह गया. हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि समेत कई प्रमुख द्विपक्षीय समझौतों को निलंबित कर दिया है.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में कई एंटी शिप मिसाइलों के सफल परीक्षण के जरिए अपनी युद्ध क्षमता और सामरिक तैयारी का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों—कोलकाता श्रेणी के विध्वंसक तथा नीलगिरि और क्रिवाक श्रेणी के फ्रिगेट्स—से ब्रह्मोस एंटी-शिप और एंटी-सर्फेस क्रूज मिसाइलों का प्रक्षेपण किया गया. नौसेना द्वारा जारी वीडियो में समुद्र के सीने को चीरती मिसाइलों की ताकत स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है.

भारतीय नौसेना ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "भारतीय नौसेना के जहाजों ने लंबी दूरी की सटीक हमला करने की अपनी क्षमता को फिर से प्रमाणित किया है. हम देश के समुद्री हितों की रक्षा के लिए हर समय, हर परिस्थिति में पूरी तरह तैयार और सक्षम हैं." परीक्षण के दौरान समुद्र क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट के चलते पाकिस्तान ने पहले ही नोटिस जारी कर दिया था.

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर

यह सैन्य प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है. हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई. इस घटना से पूरा देश स्तब्ध रह गया. हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि समेत कई प्रमुख द्विपक्षीय समझौतों को निलंबित कर दिया है और पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश भी जारी किया गया है.

जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान ने भी भारत के साथ सभी द्विपक्षीय संवाद और व्यवस्थाएं स्थगित कर दी हैं. नियंत्रण रेखा पर लगातार संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाएं हो रही हैं, जिनमें भारतीय सेना भी सख्त प्रतिक्रिया दे रही है. हालांकि, अभी तक दोनों ओर से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है.

भारत की संप्रभुता से समझौता नहीं किया जाएगा

पहलगाम का यह आतंकी हमला अनुच्छेद 370 के हटाए जाने के बाद का सबसे घातक हमला माना जा रहा है, जिसने देशवासियों में आक्रोश भर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, "यह हमला हर भारतीय के हृदय को आहत करता है. जम्मू-कश्मीर में लौटती शांति से बौखलाए देश विरोधी तत्व इस क्षेत्र की प्रगति को रोकने का प्रयास कर रहे हैं." प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर भारत की संप्रभुता से समझौता नहीं किया जाएगा.

भारतीय नौसेना का यह परीक्षण, न केवल सैन्य क्षमता का प्रतीक है, बल्कि बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों में भारत की अडिग प्रतिबद्धता और रणनीतिक मजबूती का भी स्पष्ट संदेश देता है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो