निकाह के चंद घंटे बाद दूल्हे ने दुल्हन को दिया 3 तलाक, गोश्त और लेग पीस को लेकर हुई लड़ाई ने बर्बाद कर दी शादी
कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. निकाह समारोह के दौरान लेग पीस और गोश्त को लेकर छोटी सी बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई. यह विवाद इतना उग्र हो गया कि दूल्हे ने जयमाला के स्टेज पर खड़े होकर दुल्हन को तीन तलाक दे दिया.

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक निकाह समारोह के दौरान लेग पीस और गोश्त को लेकर छोटी सी बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई. यह विवाद इतना उग्र हो गया कि दूल्हे ने जयमाला के स्टेज पर खड़े होकर दुल्हन को तीन तलाक दे दिया. इस घटना ने पूरे समारोह को तनावपूर्ण बना दिया. आइए जानते हैं क्या है पूरा विवाद.
क्या था पूरा मामला?
बारामऊ गांव के गुड्डू की बेटी निशा का निकाह बिल्हौर के पप्पू के बेटे फजल से तय हुआ था. शनिवार को बिल्हौर के ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में निकाह की रस्में पूरी हुई. जयमाला की तैयारी चल रही थी, तभी कुछ बाराती खाना खाने लगे.
इसी दौरान लेग पीस और गोश्त को लेकर दुल्हन के चाचा-भाई और बारातियों में बहस शुरू हो गई. दुल्हन पक्ष के सलीम और बाराती जीशान के बीच तीखी बहस हुई. बात बढ़ते-बढ़ते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े. कुर्सियां, बर्तन और थालियां चलने लगी, जिसके कारण कई लोग घायल हो गए.
दूल्हे ने गुस्से में तोड़ी शादी
मारपीट की खबर सुनते ही दूल्हा फजल भड़क उठा. वह सीधा जयमाला वाले स्टेज पर पहुंचा और गुस्से में दुल्हन निशा को तीन तलाक दे दिया. इस घटना से दोनों परिवारों में तनाव और बढ़ गया. दुल्हन पक्ष ने तलाक दिए जाने से नाराज होकर विदाई देने से इनकार कर दिया. उन्होंने दूल्हा पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए. देर शाम तक दोनों पक्ष आमने-सामने रहे.
समझौता और दोबारा निकाह
आखिरकार दोनों परिवारों में बातचीत हुई और मौलवी की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाज से निकाह की रस्म दोबारा अदा की गई. इसके बाद दुल्हन को विदा कर दिया गया. हालांकि दूल्हे फजल ने बाद में कहा कि निकाह एक ही बार हुआ था.
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि कोई लिखित शिकायत नहीं हुई है, इसलिए आगे की कार्रवाई अभी नहीं हुई है. यह घटना दिखाती है कि शादी जैसे खुशी के मौके पर छोटी-छोटी बातों को लेकर कैसे विवाद बढ़ जाता है. परिवारों को ऐसे मामलों में शांति बनाए रखनी चाहिए ताकि नई जोड़ी की जिंदगी खराब न हो.


