नोएडा में प्रदर्शन तेज, योगी बोले 'नक्सलवाद को जिंदा करने की साजिश'
नोएडा में श्रमिकों के बढ़ते विरोध प्रदर्शन के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने आशंका जताई कि कुछ "विघटनकारी तत्व" श्रमिक असंतोष का फायदा उठाकर नक्सलवाद को फिर से जिंदा करने की साजिश कर सकते हैं.
नोएडा: नोएडा के फेज-2 में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जारी श्रमिक प्रदर्शन के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने “नक्सलवाद को पुनर्जीवित करने की साजिश” की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि कुछ विघटनकारी तत्व इस अशांति का फायदा उठाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।सरकार ने कई जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर श्रमिकों और प्रबंधन के बीच संवाद स्थापित करने को कहा है, ताकि समस्याओं का समाधान किया जा सके। साथ ही, अशांति फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।सीएम ने श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा पर जोर देते हुए श्रम कानूनों के सख्ती से पालन की बात कही। वहीं, प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।


