सूर्या मर्डर केस में गाजियाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में ढेर हुआ मुख्य आरोपी असद
बकरीद के दिन हुई एक नाबालिग की हत्या के बाद पुलिस लगातार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी थी. अब मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने पूरे केस को नया मोड़ दे दिया है.

गाजियाबाद: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद के मौके पर हुई 17 साल के सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया था, हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक असद पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था.
पुलिस को देर रात एक अहम सूचना मिली थी कि सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद खोड़ा इलाके में आने वाला है. बताया गया कि वह अपने किसी परिचित से पैसे लेने पहुंचने वाला था और इसके बाद शहर छोड़कर फरार होने की योजना बना रहा था. सूचना मिलते ही गाजियाबाद पुलिस ने बिना देर किए इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी. टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और मौके पर ऐसी रणनीति बनाई कि वह पुलिस की पकड़ से बच न सके.
आमना-सामना होते ही चली गोलियां
कुछ देर बाद असद एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा. पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में असद को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
आरोपी के पास से पिस्तौल और बाइक बरामद
घटनास्थल से पुलिस को वह मोटरसाइकिल मिली जिससे असद वहां पहुंचा था. इसके अलावा उसके पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है. पुलिस का दावा है कि इसी हथियार से आरोपी ने फायरिंग की थी. हालांकि, असद के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति मौके से भाग निकलने में सफल रहा. पुलिस अब उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.
सीसीटीवी में कैद हुई थी पूरी वारदात
सूर्या चौहान की हत्या के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया था. वीडियो में कुछ युवकों को सूर्या पर चाकू से हमला करते हुए देखा गया था. घटना के बाद इलाके में तनाव भी बढ़ गया था. पुलिस ने इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे. असद को इस केस का चौथा और मुख्य आरोपी बताया गया था, जिसकी तलाश लंबे समय से जारी थी. अब पुलिस की नजर पांचवें आरोपी तक पहुंचने पर है और उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
सूर्या की मौत के बाद परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई थी. परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन तक की मांग की थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी सुरक्षा के बीच सूर्या का अंतिम संस्कार किया गया था.


