'अगर बंट गए तो दुश्मन काट डालेगा' बांग्लादेश में हो रहे हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर बोले सीएम योगी
सीतापुर के तपोधाम सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज आश्रम में जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बांग्लादेश में हो रहे हिन्दुओं पर अत्याचारों पर बात की. उन्होंने सनातन धर्म की महत्ता बताई और एकता का संदेश दिया.

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सीतापुर के तपोधाम सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज आश्रम पहुंचे. यहां मूर्ति स्थापना दिवस और भव्य भंडारा कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने बड़ी संख्या में आए लोगों को संबोधित किया.
सीएम योगी ने सनातन धर्म की महत्ता बताई और एकता का संदेश दिया. उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों का जिक्र कर चिंता जताई और समाज को बांटने वालों पर निशाना साधा.
सनातन संस्कृति की ताकत और इतिहास का सच
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं खत्म हो गईं, लेकिन सनातन संस्कृति आज भी मजबूती से खड़ी है. भारत ने हमेशा 'वसुधैव कुटुम्बकम' का संदेश दिया और जरूरतमंदों को शरण दी, लेकिन कुछ लोगों ने इस अच्छाई का फायदा उठाकर देश को लूटा.
मुगलों और अंग्रेजों ने भारत की अर्थव्यवस्था और हस्तशिल्प को बर्बाद किया. आजादी के समय भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी सिर्फ 2 प्रतिशत रह गई थी. अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत फिर से मजबूत हो रहा है.
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार
सीएम योगी ने बांग्लादेश में हिंदुओं, खासकर दलित हिंदुओं पर हो रहे हमलों, हत्याओं और घरों को जलाने की घटनाओं पर गहरा दुख जताया. उन्होंने पूछा कि जब पीड़ित हिंदू होते हैं तो मानवाधिकार संगठन और बड़े नेता चुप क्यों रहते हैं?
कोई आवाज क्यों नहीं उठाता? सिर्फ कुछ हिंदू संगठन और संत ही इस मुद्दे पर बोल रहे हैं. योगी ने कहा कि अगर सनातन कमजोर पड़ गया तो देश का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा. लोगों को ऐसे बहकावे में नहीं आना चाहिए.
बांग्लादेश के मुद्दे पर सब मौन हैं,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 9, 2026
क्योंकि मरने वाला हिंदू है... pic.twitter.com/Hvg5nu1SOy
योगी ने दिया एकता का मजबूत संदेश
संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि समाज में जाति, भाषा या क्षेत्र के नाम पर बंटवारा करने वाले तत्वों से सावधान रहें. भारतीय परंपरा में समदृष्टि है, जहां पहला ग्रास गाय को और आखिरी कुत्ते को दिया जाता है.
दुश्मन भारत पर नजरें गड़ाए बैठा है. अगर हम बंट गए तो कटने के रास्ते खुद-ब-खुद खुल जाएंगे. एकजुट रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे. भारत अब वैश्विक ताकत बन रहा है और सनातन धर्म इसका मुख्य आधार है.


