19 मीटर की दौड़ और फिर हवा में छलांग लगाकर लपका कैच, इस खिलाड़ी की शानदार फील्डिंग से जिम्बाब्वे ने जीता मुकाबला
जिम्बाब्वे और ओमान ले बीच खेले गए टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. इस दौरान युवा खिलाड़ी ब्रायन बेनेट ने एक अनोखा कैच पकडकर सभी को हैरान कर दिया है.

T20 World Cup 2026: कोलंबो में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के एक रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ओमान को 8 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की. इस जीत में युवा खिलाड़ी ब्रायन बेनेट का योगदान सबसे बड़ा रहा. उन्होंने न सिर्फ बल्ले से कमाल दिखाया, बल्कि एक शानदार कैच लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.
बेनेट का कमाल कैच
20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ओमान के नदीम खान ने ब्रैड इवांस की गेंद पर मिड विकेट की ओर जोरदार शॉट लगाया. गेंद डीप स्क्वायर लेग की ओर जा रही थी. वहां खड़े ब्रायन बेनेट ने तेजी से दाईं ओर 19 मीटर से ज्यादा की दौड़ लगाई. फिर पूरी ताकत से डाइव लगाकर उन्होंने गेंद को दोनों हाथों से लपक लिया. इस दौरान उनके हाथ-पैर जमीन पर रगड़ गए, लेकिन गेंद हाथ से नहीं छूटी.
यह कैच देखकर हर कोई हैरान रह गया. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग इसे टूर्नामेंट का बेस्ट कैच बता रहे हैं. इसी कैच की बदौलत ओमान की पारी 103 रनों पर सिमट गई.
Brian Bennett took flight and took our breath away with a catch of the tournament contender 😮💨
— ICC (@ICC) February 9, 2026
Follow the #T20WorldCup here 👉 https://t.co/lkOSOhmQDQ pic.twitter.com/bWoirKmWDY
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों का धारदार प्रदर्शन
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों ने ओमान की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा ने 3-3 विकेट चटकाए. ब्रैड इवांस ने भी 3 विकेट झटके. ओमान की टीम शुरुआत में ही लड़खड़ा गई और आधी टीम सिर्फ 27 रनों पर आउट हो गई.
मिडिल ओवर्स में सूफयान महमूद ने 25, विनायक शुक्ला ने 28 और नदीम खान ने 20 रन बनाकर स्कोर को 100 के पार पहुंचाया, लेकिन ज्यादा कुछ नहीं कर सके.
बेनेट ने बल्ले से भी किया कमाल
कैच के बाद ब्रायन बेनेट ने बल्लेबाजी में भी धमाल मचाया. ओपनिंग करते हुए उन्होंने 36 गेंदों पर 48 रन की नाबाद पारी खेली. उनकी इस पारी में कई जोरदार शॉट्स देखने को मिले. शुरुआत में तदीवानाशे मारुमानी ने तेज रन बनाए, फिर ब्रेंडन टेलर ने 31 रन बनाए (रिटायर्ड हर्ट).
बेनेट और टेलर की साझेदारी ने मैच आसान कर दिया. जिम्बाब्वे ने 104 रनों का लक्ष्य सिर्फ 13.3 ओवर में 8 विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया. कप्तान सिकंदर रजा ने आखिरी शॉट से जीत पूरी की.


