जनरल नरवणे अनपब्लिश किताब 'Four Stars of Destiny' को लेकर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR, जानें क्या है विवाद
दिल्ली पुलिस ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब 'Four Stars of Destiny' के लीक पर FIR दर्ज की. सोशल मीडिया पर प्री-प्रिंट पीडीएफ और कवर वायरल होने पर स्पेशल सेल में मामला दर्ज हुआ. राहुल गांधी ने संसद में किताब दिखाकर गलवान विवाद उठाया था, जिससे हंगामा हुआ और 8 सांसद निलंबित हुए. किताब को रक्षा मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिली.

नई दिल्लीः नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब 'Four Stars of Destiny' के कथित लीक और प्रसार पर FIR दर्ज की है. पुलिस ने सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर वायरल जानकारी का संज्ञान लिया, जहां दावा किया जा रहा था कि किताब की प्री-प्रिंट कॉपी सार्वजनिक रूप से शेयर की जा रही है.
पुलिस जांच में पाया गया कि किताब का टाइपसेट पीडीएफ वर्जन कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध था. पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा तैयार की गई इस किताब का कवर भी ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर ऐसे दिखाया जा रहा था जैसे यह बिक्री के लिए तैयार है. लेकिन किताब को अभी तक संबंधित अधिकारियों से आवश्यक मंजूरी नहीं मिली है. इस लीक की गहन जांच के लिए स्पेशल सेल में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि यह अप्रकाशित प्रकाशन सामग्री का कथित उल्लंघन है, जिसकी जांच की जा रही है.
राहुल गांधी के संसद में प्रदर्शन से जुड़ा विवाद
यह FIR उस घटना के एक हफ्ते बाद आई है, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन परिसर में किताब की एक प्रति दिखाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देने की बात कही. राहुल गांधी ने किताब के कुछ हिस्सों का हवाला देते हुए 2020 के गलवान संघर्ष और लद्दाख स्टैंडऑफ में सरकार की कथित अनिर्णय की स्थिति पर सवाल उठाए थे.
राहुल गांधी का दावा था कि जनरल नरवणे ने लिखा है कि चीनी टैंकों के भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ने पर पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह या NSA अजीत डोभाल से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिला. उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख दो घंटे तक इंतजार करते रहे, लेकिन ऊपर से कोई आदेश नहीं आया.
सरकार ने सदन में कहा कि किताब अप्रकाशित है और इसे उद्धृत नहीं किया जा सकता. स्पीकर ने राहुल गांधी को रोक दिया, जिससे हंगामा हुआ. लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई और बजट सत्र के दौरान आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया.
किताब के पीछे की कहानी
'Four Stars of Destiny' जनरल नरवणे की आत्मकथा है, जो 2019-2022 तक सेना प्रमुख रहे. किताब में उनके करियर, व्यक्तिगत जीवन और 2020 लद्दाख संकट के दौरान की घटनाओं का जिक्र है. पेंगुइन रैंडम हाउस ने 2024 में प्रकाशन की योजना बनाई थी, लेकिन रक्षा मंत्रालय से मंजूरी न मिलने पर इसे रोका गया.
विवाद तब भड़का जब द कारवां मैगजीन ने किताब के कुछ अंश प्रकाशित किए. राहुल गांधी ने इसे संसद में उठाया, जिससे राजनीतिक तनाव बढ़ा. अब लीक की जांच से मामला और गंभीर हो गया है.


