बार-बार क्यों स्थगित हो रही लोकसभा? किस बात पर अड़े राहुल गांधी, सरकार का क्या है जवाब

लोकसभा सोमवार को विपक्ष के हंगामे से ठप रही. विपक्ष ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर चर्चा की मांग की. राहुल गांधी ने स्पीकर से पहले दिए आश्वासन का हवाला दिया, जिसे रिजिजू ने झूठ बताया. सदन दो बार स्थगित हुआ और अब 10 फरवरी को चलेगा.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नई दिल्लीः नई दिल्ली में लोकसभा की कार्यवाही सोमवार को पूरी तरह ठप हो गई. विपक्षी सांसदों ने भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर चर्चा की मांग को लेकर बार-बार हंगामा किया, जिसके कारण सदन को दिनभर के लिए स्थगित करना पड़ा. अब यह 10 फरवरी को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी.

सदन सुबह 11 बजे शुरू हुआ, लेकिन विपक्ष के नारेबाजी के चलते दो बार स्थगित होना पड़ा. दोपहर 2 बजे थोड़ी देर के लिए कार्यवाही फिर शुरू हुई, लेकिन महज कुछ मिनटों में ही इसे मंगलवार तक के लिए टाल दिया गया. कोई विधायी काम नहीं हो सका.

राहुल बनाम रिजिजू

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन में दावा किया कि स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आश्वासन दिया था कि बजट चर्चा शुरू होने से पहले वे कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे उठा सकेंगे. गांधी ने कहा, "स्पीकर ने हमसे वादा किया था कि मुझे बजट डिबेट से पहले बोलने की इजाजत मिलेगी. अब आप उस वादे से मुकर रहे हैं. मैं जानना चाहता हूं कि क्या मुझे उन मुद्दों पर बोलने दिया जाएगा?"उस समय सदन की अध्यक्षता सांसद संध्या राय कर रही थीं. गांधी ने उन्हें संबोधित करते हुए पूछा कि क्या उन्हें बोलने की अनुमति मिलेगी.

क्या बोले किरेन रिरिजू?

लेकिन संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस दावे का कड़ा खंडन किया. रिजिजू ने बताया कि स्पीकर के साथ हुई बैठक में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे. उन्होंने कहा, "स्पीकर ने सदन में कहा था कि अगर सभी सहमत हों तो कार्यवाही सुचारू रूप से चले.

वेणुगोपाल जी ने भी यही बात कही कि वे राहुल गांधी को बोलने का मौका चाहते हैं. हमने पूछा कि कौन सा मुद्दा उठाना है? अगर स्पीकर पर आरोप लगाते हैं तो वे भी जवाब देंगे. राहुल गांधी का बयान 100 प्रतिशत गलत है. स्पीकर ने ऐसा कोई विशेष आश्वासन नहीं दिया. रिजिजू ने इसे "झूठ" करार दिया और कहा कि स्पीकर सिर्फ सदन की कार्यवाही सुचारू रखने की बात कर रहे थे, न कि कांग्रेस को विशेष मौका देने की.

अध्यक्षता कर रही सांसद का जवाब

संध्या राय ने स्पष्ट किया कि उन्हें लोकसभा में विपक्ष के नेता द्वारा कोई विशेष मुद्दा उठाने की लिखित सूचना नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना सदन में कोई भी चर्चा नहीं हो सकती. बिना नोटिस के ऐसे मुद्दे नहीं उठाए जा सकते.विपक्ष मुख्य रूप से भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बहस चाहता है. DMK सांसद टीआर बालू ने पहले ही एडजर्नमेंट मोशन नोटिस दिया था, जिसमें अमेरिका से कुछ कृषि उत्पादों पर जीरो टैरिफ के प्रभाव पर सवाल उठाए गए थे. 

विपक्ष का आरोप है कि यह समझौता किसानों के हितों के खिलाफ है.यह हंगामा बजट सत्र के दौरान जारी तनाव का हिस्सा है. पिछले दिनों भी सदन में भारत-अमेरिका डील और अन्य मुद्दों पर विपक्ष ने विरोध किया था. अब विपक्ष स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ नो-कॉन्फिडेंस मोटियन की योजना भी बना रहा है, आरोप लगाते हुए कि वे पक्षपातपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag