CBSE 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा का डेट आया सामने, एडमिट कार्ड से लेकर जारी हुआ महत्वपूर्ण परीक्षा निर्देश

CBSE की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं. परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है. आइए जानते हैं परीक्षा की पूरी जानकारी.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं. कक्षा 10 की परीक्षाएं पहले चरण में 17 फरवरी से 9 मार्च तक चलेंगी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षाएं 17 फरवरी से अप्रैल तक जारी रहेंगी.

सीबीएसई ने समय-सारणी में प्रवेश परीक्षाओं के साथ टकराव से बचने के लिए पर्याप्त अंतर रखा है, ताकि छात्र दोनों परीक्षाओं को आसानी से मैनेज कर सकें. 

एडमिट कार्ड हुआ जारी 

सीबीएसई ने कक्षा 10 और 12 के नियमित छात्रों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. स्कूल परीक्षा संगम पोर्टल (parikshasangam.cbse.gov.in) से अपने छात्रों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और उन्हें छात्रों को उपलब्ध करा सकते हैं.

निजी उम्मीदवार सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. छात्रों को सलाह है कि वे एडमिट कार्ड तुरंत प्राप्त करें और उसमें छपी जानकारी को अच्छी तरह जांच लें. 

एडमिट कार्ड में क्या-क्या जानकारी होती है?

  • रोल नंबर  
  • उम्मीदवार का नाम  
  • माता-पिता/अभिभावक का नाम  
  • जन्म तिथि (कक्षा 10 के लिए)  
  • परीक्षा केंद्र का नाम और पता  
  • विषयों की सूची और परीक्षा तिथियां  
  • विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) की श्रेणी  
  • प्रवेश पत्र आईडी

छात्रों और अभिभावकों को फोटो, नाम और अन्य विवरणों की जांच करनी चाहिए. सही होने पर निर्धारित जगह पर हस्ताक्षर करें.

महत्वपूर्ण परीक्षा निर्देश  

  • परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा, इसलिए समय से पहले पहुंचें.
  • स्कूल यूनिफॉर्म पहनें और स्कूल आईडी कार्ड, एडमिट कार्ड साथ रखें.
  • केवल अनुमत स्टेशनरी (जैसे पेन, पेंसिल) ले जाएं. 
  • मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच या कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना सख्त मना है. 
  • परीक्षा से एक दिन पहले केंद्र का दौरा कर लें ताकि रास्ता पता हो.  
  • एडमिट कार्ड पर दिए निर्देशों का पालन करें और अनुचित व्यवहार से बचें.

सोशल मीडिया पर सावधानी

छात्रों को व्हाट्सएप, टेलीग्राम, यूट्यूब या एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर परीक्षा से जुड़ी अफवाहें या सामग्री शेयर न करने की सलाह दी जाती है. नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag