बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने वाला 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बेसबॉल बैट भी बरामद
देहरादून में एक बुजुर्ग पर लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और असम भागने की तैयारी में था.

देहरादून: देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक बुजुर्ग पर कथित तौर पर लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्या के प्रयास के आरोप में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था. विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने उसे आईएसबीटी क्षेत्र से दबोच लिया. उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल का डंडा भी बरामद किया गया है.
19 मई को बुजुर्ग पर हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार, एकता विहार, अजबपुर खुर्द निवासी कीर्ति मौर्य ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि 19 मई की रात हिमांशु डंगवाल और उसके साथियों ने उनके पिता सुशील मौर्य पर हमला किया था.
बताया गया कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से सुशील मौर्य के सिर पर कई वार किए और उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए.
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
हमले में घायल सुशील मौर्य को तत्काल उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया. उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया.
बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
गिरफ्तारी पर रखा गया था 20 हजार रुपये का इनाम
घटना के बाद आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से दूर था. उसकी गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी देहरादून ने आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.
इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दी.
आईएसबीटी क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में मौजूद है. सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना के बाद से वह लगातार छिपता फिर रहा था और पुलिस से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था.
वारदात में इस्तेमाल बेसबॉल डंडा बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू (43) निवासी माता मंदिर के निकट, अजबपुर कला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है.
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बेसबॉल का डंडा भी बरामद कर लिया है.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
"तीन-चार अन्य लोग भी थे शामिल"
घायल सुशील मौर्य के बेटे कीर्ति मौर्य ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें रात करीब 9:30 बजे एक परिचित के माध्यम से मिली थी.
उनके अनुसार, जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके पिता गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे और आरोपी वहां से फरार हो चुके थे.
कीर्ति ने दावा किया कि इस वारदात में हिमांशु के साथ तीन से चार अन्य लोग भी शामिल थे, जो अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.
असम भागने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था.
अधिकारियों के अनुसार, वह पुलिस से बचकर असम भागने की तैयारी कर रहा था. हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे आईएसबीटी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.


