हरिद्वार: निर्जला एकादशी के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. गंगा स्नान के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों लोग हरिद्वार पहुंचते हैं. ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए उत्तराखंड पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है. अगर आप भी 25 जून को हरिद्वार जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह व्यवस्था जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है.
पुलिस के अनुसार, यदि शहर में वाहनों का दबाव अधिक बढ़ता है तो भारी वाहनों को राज्य की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा. वहीं नगला इमरती से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग एरिया में भेजा जाएगा. यहां से ट्रैफिक की स्थिति सामान्य होने पर वाहनों को आगे जाने की अनुमति मिलेगी. ऋषिकेश की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए चीला मार्ग को केवल निकासी मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा. सामान्य स्थिति में वाहन गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक के रास्ते हरिद्वार में प्रवेश कर सकेंगे.
प्रशासन ने कुछ महत्वपूर्ण मार्गों पर विशेष प्रतिबंध लगाए हैं. ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम, टैक्सी और अन्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. 24 जून की रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. इसी अवधि में बसों, ट्रैक्टरों और बड़े वाहनों को चमगादड़ टापू पार्किंग क्षेत्र में भेजा जाएगा. इसके अलावा 25 जून की सुबह 3 बजे से दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा.
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालु सामान्य स्थिति में नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक मार्ग से हरिद्वार पहुंच सकेंगे. इनके लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है. यदि ट्रैफिक अधिक हुआ तो वाहनों को लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा और अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा.
जरूरत पड़ने पर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों को सहारनपुर, भगवानपुर, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहण्ड मार्ग से देहरादून तथा ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा. नजीबाबाद जाने वाले वाहन नारसन, लक्सर और बालावाली होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे. वहीं देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा. नजीबाबाद और मुरादाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर, चंडी चौकी और चंडी चौक के रास्ते हरिद्वार पहुंच सकेंगे. इनके लिए दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
उत्तराखंड पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें. यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त करें. इससे आपकी हरिद्वार यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त रहेगी. First Updated : Wednesday, 24 June 2026