दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में मौसम का बदलेगा मिजाज, अगले 48 घंटों में यूपी-पंजाब में बारिश के आसार

उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में अगले 48 घंटों के भीतर तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी के बीच थोड़ी राहत मिल सकती है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: उत्तर भारत के मौसम में इन दिनों बदलाव का दौर जारी है. एक ओर जहां मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम का संतुलन बना हुआ है. मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर आने वाले दिनों में और अधिक देखने को मिल सकता है.

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसका प्रभाव अगले 24 से 48 घंटों में साफ दिखाई देगा. इसके चलते दिल्ली समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली-एनसीआर में छाए रहेंगे बादल

दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में धूप के साथ बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन के समय तेज धूप महसूस की जा रही है. हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक राहत दे रही है.

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुबह हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन दिन बढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा. अगले एक-दो दिनों तक इसी तरह के मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है.

पश्चिमी यूपी के इन शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले तीन दिनों से मौसम में हल्की ठंडक बनी हुई है. मंगलवार को भी मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है. मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, अलीगढ़, बरेली और मुरादाबाद जैसे जिलों में शाम के समय गरज और चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

पंजाब और हरियाणा में भी बदलेगा मौसम

पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि मौसम विभाग ने 26 मार्च से इन राज्यों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है.

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश जारी

वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. निचले क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंडक बनी रहेगी.

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि शिमला में बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सुहावना बना रहेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो