क्या है 5 जहाजों का सच ? ट्रंप के जेट वाले बयान पर राहुल गांधी ने PM मोदी से मांगा जवाब

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर तीखा हमला किया है. उन्होंने ट्विटर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "मोदी जी, 5 जहाज़ों का सच क्या है? देश को जानने का हक है!" ट्रंप ने अपने बयान में दावा किया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष में पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया था. राहुल गांधी ने इस दावे को लेकर सरकार से जवाब मांगा है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन सांसदों के साथ डिनर के दौरान कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुए संघर्ष में “पांच लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे.” उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान किस देश के थे, लेकिन उनके बयान ने भारत की राजनीति में विवाद खड़ा कर दिया है.

5 जहाजों का सच क्या है?

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रंप का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया, “मोदी जी, 5 जहाजों का सच क्या है? देश को जानने का हक है.” राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर लगातार सरकार को ट्रंप के सामने सरेंडर करने का आरोप लगाया है और जवाब मांगा है.
 


कांग्रेस ने सरकार से पूछे 3 सवाल

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से तीन सवाल उठाए हैं: क्या ट्रंप ने भारत-पाक युद्धविराम रोकने का दावा किया था? क्या उन्होंने व्यापार धमकी देकर युद्ध रोकने का दबाव बनाया था? और अगर पांच लड़ाकू विमान गिरे थे, तो वे किस देश के थे? कांग्रेस ने संसद में इस मुद्दे पर विशेष चर्चा की मांग की है.


संसद में PM मोदी से जवाब चाहिए

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि मानसून सत्र में इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगा जाएगा. उन्होंने पीएम और ट्रंप के करीबी संबंधों का भी उल्लेख किया, जैसे ‘हाउडी मोदी’ और ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम, जहां दोनों नेताओं ने अपनी दोस्ती दिखाई थी.
 


अमित मालवीय ने की कड़ी आलोचना 

भाजपा के अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी की सोच देशद्रोही जैसी है. ट्रंप ने न तो भारत का नाम लिया और न कहा कि पांच जहाज भारत के थे. फिर राहुल गांधी ने इसे भारत का मामला क्यों बना लिया? क्या राहुल को अपने देश से ज्यादा पाकिस्तान की चिंता है? मालवीय ने कहा कि भारत के ऑपरेशन सिंधूर ने पाकिस्तान को गंभीर नुकसान पहुंचाया है.

कांग्रेस और सेना के बीच पुराना विवाद

अमित मालवीय ने कहा कि जब भी भारतीय सेना दुश्मनों को जवाब देती है, कांग्रेस पार्टी इसे राजनीतिक मुद्दा बना देती है. उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी भारतीय हैं या पाकिस्तान के प्रवक्ता? यह पहला मौका नहीं जब राहुल गांधी ने सरकार को सवालों के घेरे में रखा हो.

भारत ने PAK को दिया करारा जवाब

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को बुरी तरह तबाह किया. कई आतंकवादी मारे गए. इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया. भारतीय सेना ने दुश्मन के ड्रोन और लड़ाकू विमान भी मार गिराए, जिससे पाकिस्तान को कड़ा संदेश मिला.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag