'मुझे जवान महिलाएं पसंद हैं'... बोर्ड ऑफ पीस के उद्घाटन समारोह में ये क्या बोल गए ट्रंप
वॉशिंगटन में आयोजित बोर्ड ऑफ पीस के उद्घाटन समारोह के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक ऐसा बयान दिया, जिसने भू-राजनीति और गाजा पुनर्निर्माण जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान हटाकर अपनी ओर खींच लिया.

नई दिल्ली: वॉशिंगटन में आयोजित बोर्ड ऑफ पीस के उद्घाटन समारोह के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक ऐसा मजाक कर दिया, जिसने भू-राजनीति और गाजा पुनर्निर्माण जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान हटाकर माहौल को हल्का बना दिया. कार्यक्रम का उद्देश्य गाजा में शांति और पुनर्निर्माण की रूपरेखा पेश करना था, लेकिन "युवा, आकर्षक पुरुषों" को लेकर ट्रंप की टिप्पणी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
उच्च स्तरीय कूटनीति और हास्य के मिश्रण वाले इस आयोजन में ट्रंप ने जहां एक ओर गाजा के लिए बड़े आर्थिक वादे किए, वहीं दूसरी ओर पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पर की गई उनकी अनौपचारिक टिप्पणी से सभागार में हंसी की लहर दौड़ गई.
मुझे जवान, आकर्षक पुरुष पसंद नहीं हैं: ट्रंप
सभा में पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना का स्वागत करते हुए ट्रंप ने अपने निर्धारित भाषण से हटकर कहा "जवान और आकर्षक होना हमेशा अच्छा होता है. इसका मतलब यह नहीं है कि हमें आपको पसंद करना ही होगा. मुझे जवान, आकर्षक पुरुष पसंद नहीं हैं. महिलाएं मुझे पसंद हैं. पुरुषों में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है,"
उनकी इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया.
47 वर्षीय पेना लोकतांत्रिक दौर में पराग्वे के सबसे युवा राष्ट्रपति हैं. अर्थशास्त्री और पूर्व वित्त मंत्री रहे पेना ने कोलोराडो पार्टी के उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद अगस्त 2023 में पदभार संभाला था.
गाजा के पुनर्निर्माण पर बड़ा ऐलान
हल्के-फुल्के पल के बाद ट्रंप ने बोर्ड ऑफ पीस के मुख्य एजेंडे, यानी गाजा की स्थिति पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा"हम गाजा की मदद करेंगे. हम वहां की स्थिति सुधारेंगे. हम उसे सफल बनाएंगे,"
प्रतिज्ञाओं की सूची वाला दस्तावेज़ दिखाते हुए उन्होंने आगे कहा "हम वहां शांति स्थापित करेंगे, और हम अन्य स्थानों पर भी ऐसा ही करेंगे. ऐसे और भी स्थान सामने आएंगे, और वहां भी बदलाव होंगे."
ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका इस पहल में 10 अरब डॉलर का योगदान देगा, जबकि उनके प्रशासन ने अन्य देशों को दी जाने वाली विदेशी सहायता में कटौती की है.
किन देशों ने किया योगदान का वादा
व्हाइट हाउस के अनुसार, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने कम से कम 1 अरब डॉलर देने का आश्वासन दिया है. प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने बताया कि कुल मिलाकर 65 लाख डॉलर से अधिक की राशि देने का वादा किया गया है, जिसमें ट्रंप द्वारा घोषित 10 अरब डॉलर शामिल नहीं हैं.
ट्रंप ने कहा,"हम सब मिलकर सदियों के युद्ध और पीड़ा से त्रस्त क्षेत्र में स्थायी सद्भाव लाने के सपने को साकार कर सकते हैं."
नया वैश्विक ढांचा: बोर्ड ऑफ पीस
बोर्ड ऑफ पीस का औपचारिक अनावरण यूनाइटेड स्टेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ पीस के पूर्व मुख्यालय में किया गया, जिसका ट्रंप प्रशासन के दौरान पुनर्गठन और नामकरण किया गया है.
इस नए निकाय में राष्ट्रपति के पास वीटो शक्ति होगी और वे पद छोड़ने के बाद भी इसके प्रमुख बने रह सकते हैं. दो वर्ष से अधिक की स्थायी सदस्यता चाहने वाले देशों को 1 अरब डॉलर का योगदान देना अनिवार्य होगा.
गाजा युद्धविराम से जुड़ी पहल
यह बोर्ड प्रशासन द्वारा अक्टूबर में गाजा के लिए किए गए युद्धविराम समझौते के बाद अस्तित्व में आया. यह समझौता इजरायल और हमास के बीच दो वर्षों तक चले संघर्ष के बाद मिस्र और कतर की मध्यस्थता से हुआ था. योजना के दूसरे चरण में हमास के निरस्त्रीकरण का प्रावधान शामिल है.


